आगरालीक्स…दो परीक्षा केंद्रों पर चल रही थी नकल. विवि ने लिया सख्त एक्शन. दोनों परीक्षा केंद्रों को किया निरस्त…
राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अंतर्गत संचालित अप्रैल 2026 की गतिमान परीक्षाओं को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं नकल-विहीन बनाए रखने हेतु शासन एवं विश्वविद्यालय द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में परीक्षा व्यवस्था की शुचिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गठित उड़ाका दलों द्वारा विभिन्न परीक्षा केन्द्रों का औचक निरीक्षण किया जा रहा है। 28 अप्रैल को किए गए ऐसे ही एक निरीक्षण के दौरान मथुरा जनपद के दो महाविद्यालयों—आर.एस.एस. महाविद्यालय एवं एस.बी.एस. कॉलेज फालोन—में सामूहिक नकल जैसी गंभीर अनियमितता पाई गई। यह न केवल परीक्षा की निष्पक्षता के विरुद्ध है, बल्कि शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता को भी प्रभावित करने वाला कृत्य है। उक्त प्रकरण को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से कठोर कार्रवाई करते हुए दोनों परीक्षा केन्द्रों को निरस्त कर दिया। यह निर्णय विश्वविद्यालय की उस स्पष्ट नीति को दर्शाता है, जिसमें नकल एवं अन्य अनुचित साधनों के प्रयोग के प्रति शून्य सहिष्णुता अपनाई गई है। विश्वविद्यालय की यह कार्रवाई एक सशक्त संदेश देती है कि परीक्षा प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही, यह कदम अन्य महाविद्यालयों के लिए चेतावनी भी है कि वे परीक्षा संचालन में पूर्ण सतर्कता, पारदर्शिता एवं जिम्मेदारी का पालन करें।