आगरालीक्स…आगरा में दो पक्षों में पथराव, फायरिंग. घर में लगाई आग. मची भगदड़. पिनाहट के सांवलदास गांव में भारी पुलिस बल तैनात
आगरा के थाना पिनाहट अंतर्गत गांव संवलदास पुरा में गाड़ी का हॉर्न बजाने को लेकर हुआ विवाद दो पक्षों में बवाल के रूप में बदल गया. दोनों पक्षों में जमकर पथराव व फायरिंग हुई. एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के घर में आग लगा दी जिससे हड़कंप मच गया. फायरिंग, मारपीट में दोनों पक्षों के चार लोग घायल हुए हैं. सूचना पर एसीपी पिनाहट सर्कल का फोर्स मौके पर पहुंच गया. तनाव को देखते हुए भारी पुलिसबल तैनात किया गया है. इस मामले में पुलिस का कहना है कि थाना पिनाहट पुलिस को ग्राम सावलदास का पुरा में दो पक्षों के बीच झगड़े की सूचना प्राप्त हुई. सूचना पर पुलिस टीम द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर जांच की गई, जिसमें ज्ञात हुआ कि स्कॉर्पियो गाड़ी को तेज गति से चलाने एवं लगातार हॉर्न बजाने को लेकर 02 पक्षों में झगड़ा/मारपीट की घटना हुई है. दोनों पक्षों के घायलों का अस्पताल में उपचार चल रहा है. पुलिस द्वारा दोनों पक्षों से प्राप्त तहरीर के आधार पर अभियोग पंजीकृत किया जा रहा है एवं 02 व्यक्तियों को हिरासत में लेकर अग्रिम जांच व आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है. वर्तमान में मौके पर कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य है.