आगरालीक्स…’व्यापार हमारा कर्म है और मरीजों को दवाएं उपलब्ध कराना हमारा धर्म है’, दवा बाजार बंदी का विरोध कर रहे कारोबारियों ने हाथ में तख्तियां लेकर किया बाजार भ्रमण, लगाए नारे
आगरा में 20 मई को दवा बाजार बंदी की घोषणा पर सभी दवा कारोबारी एक राय नहीं हैं। व्यापारी नेताओं के बीच की रार साफ नजर आ रही है। एक ओर जहां आगरा फार्मा एसोसिएशन ने 20 मई को दुकानें बंद रखने का आह्वान किया है तो वहीं इस फैसले का विरोध करते हुए आगरा महानगर कैमिस्ट एसोसिएशन ने इसे थोपी हुई बंदी कहा है। सोमवार को भी अतिथि वन में आगरा फार्मा एसोसिएशन की ओर से आयोजित पत्रकार वार्ता में आल इंडिया आर्गनाइजेशन आफ केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट की ओर से आयोजित इस बंद में शामिल होने के लिए दवा व्यापारियों से अपील की गई। वहीं आगरा महानगर कैमिस्ट एसोसिएशन की ओर से विरोध को और तेज कर दिया गया।आगरा महानगर केमिस्ट एसोसिएशन के थोक और रिटेल दवा व्यापारियों ने 20 मई 2026 को बाजार बंद रखने की अपील का विरोध करते हुए दोहराया कि सभी मेडिकल और दवा प्रतिष्ठान समयानुसार खुले रहेंगे।
इसके साथ ही व्यापारियों ने हाथों में तख्तियां लेकर पूरे थोक दवा बाजार में भ्रमण किया और संदेश दिया
। "व्यापार हमारा कर्म है और मरीजों को दवाएं उपलब्ध कराना हमारा धर्म है",। कारोबारियों ने यह नारे लगाए और स्लोगन लिखी हुईं तख्तियां लेकर चले।
एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि एक दिन की थोपी गई बंदी से व्यापारियों को आर्थिक नुकसान होगा और मरीजों को दवाओं की परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। व्यापारियों ने बाजार में पंपलेट बांटकर भरोसा दिलाया कि दवाओं की आपूर्ति पूरी तरह सुचारू रहेगी और किसी मरीज को दवा की कमी नहीं होने दी जाएगी।
पदाधिकारियों ने कहा कि अगर किसी व्यापारी को बंदी में शामिल न होने पर ड्रग इंस्पेक्टर की कार्रवाई का डर दिखाने की कोशिश की जाती है तो कानूनी कार्रवाई का रास्ता खुला है। इस बारे में ड्रग विभाग से वार्ता की गई है। विभाग की ओर से आश्वासन दिया गया है कि दवा आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत आती है, इसलिए किसी व्यापारी को डराया या धमकाया जाता है तो वह लिखित शिकायत करे, तत्काल कार्रवाई होगी।
इस दौरान आगरा महानगर कैमिस्ट एसोसिएशन के चेयरमैन संजय चौरसिया, अध्यक्ष आशीष शर्मा, महामंत्री अश्वनी श्रीवास्तव, अशोक खंडोली फार्मा, सोनू मेडिकल, अल्ताफिया दवा खाना, मनु फार्मा, काशी मेडिकल, गोवर्धन फार्मा, तनेजा मेडिकल, कृष्णा फार्मा, पंजवानी डिस्ट्रीब्यूटर्स सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।