आगरालीक्स…पुरुषोत्तम मास में खिला भक्ति का पुष्प वैभव, आगरा के श्री खाटू श्याम मंदिर में सजा विशेष फूल बंगला
पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर जीवनी मंडी स्थित श्री खाटू श्याम जी मंदिर में सोमवार को विशेष धार्मिक आयोजनों के बीच श्याम बाबा का मनोहारी फूल बंगला श्रृंगार किया गया। विभिन्न रंगों के सुगंधित फूलों से सुसज्जित दिव्य बंगले में विराजमान श्याम बाबा ने भक्तों को अलौकिक दर्शन प्रदान किए। पीले, गुलाबी, बैंगनी एवं अन्य रंग-बिरंगे पुष्पों से सजे श्रृंगार के मध्य बाबा का स्वरूप अत्यंत आकर्षक दिखाई दे रहा था। बाबा को स्वर्ण कुंडल एवं मुकुट धारण कराकर भव्य रूप से सजाया गया। मंदिर परिसर स्थित शिवालय में भगवान शिव का विशेष महारुद्राभिषेक भी श्रद्धा एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न कराया गया। दिवस विशेष पर श्रद्धालुओं के लिए मौसमी फलों एवं सत्तू प्रसादी का वितरण किया गया। श्री खाटू श्याम जी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष दिनेश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि इस अवसर पर श्रृंगार, राजभोग एवं पोशाक सेवा आलोक गर्ग की ओर से समर्पित की गई। इत्र सेवा गुंजन कौर द्वारा तथा संध्या भोग सेवा श्री खाटू श्याम जी मंदिर ट्रस्ट की ओर से कराई गई। उन्होंने बताया कि पुरुषोत्तम मास के दौरान प्रतिदिन विभिन्न भक्त परिवारों द्वारा सेवाएं अर्पित की जा रही हैं, जिससे मंदिर में भक्ति और सेवा का वातावरण निरंतर बना हुआ है। दिनभर मंदिर में श्रद्धालुओं का आवागमन बना रहा और श्याम भक्तों ने बाबा के दिव्य स्वरूप के दर्शन कर स्वयं को धन्य अनुभव किया।