आगरालीक्स… आगरा के डॉ भीमराव अंबेडकर विवि के दीक्षांत समारोह में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल शामिल होने के लिए पत्नी के साथ आए हैं, उन्होंने बांके बिहारी मंदिर में दर्शन किए।
मंगलवार शाम छह बजे एनएसए अजीत डोभाल अपनी पत्नी के साथ व्रंदावन के बांके बिहारी मंदिर पहुंचे, कडी सुरक्षा के बीच उन्होंने अपनी पत्नी के साथ ठाकुर जी के दर्शन किए, इसके बाद आगरा के लिए रवाना हो गए।
5 दिसंबर मंगलवार को अंबेडकर विवि के 83 वें दीक्षांत समारोह के लिए राज्यपाल राम नाईक और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल सोमवार रात को शहर में आ गए। वीवीआईपी मूवमेंट के चलते कुछ देर के लिए यातायात बाधित रहा, कई क्षेत्रों में जाम लग गया।
वहीं, मंगलवार को सुबह 10.30 बजे राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद खेरिया हवाई अडडे पर पहुंचेंगे, राज्यपाल राम नाईक उनकी आगवानी करेंगे। वे सडक मार्ग से विवि के खंदारी परिसर में दीक्षांत समारोह में शामिल होने के लिए आएंगे, इस दौरान एमजी रोड पर 20 मिनट से 30 मिनट तक यातायात बंद रहेगा।
12 बजे के बाद निकलेंगे खेरिया एयरपोर्ट के लिए
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद दीक्षांत समारोह के बाद कुलपति डॉ अरविंद दीक्षित के आवास पर हाई टी लेंगे, इसके बाद खेरिया एयरपोर्ट से निकलेंगे। उनके खंदारी परिसर से निकलने से लेकर खेरिया एयरपोर्ट पहुंचने तक दोपहर 12 से एक बजे तक एमजी रोड का यातायात बंद रहेगा।
स्कूलों की नहीं है छुटटी, थोडी देर लग सकता है जाम
जिस समय राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद खंदारी परिसर से खेरिया एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे, उसी समय कई स्कूलों की छुटटी होगी। इससे एमजी रोड के लिंक रोडों पर जाम लग सकता है लेकिन किसी भी स्कूल की छुटटी नहीं की गई है।
गेट सात और दो से एंट्री
मेडल वाले विद्यार्थियों व उनके अभिभावक खंदारी बाईपास की तरफ से गेट नंबर-7 से एंट्री करेंगे। मेडल हासिल करने वाले विद्यार्थियों को सुबह10 बजे तक स्थान ग्रहण करना है। वीआईपी, शिक्षकों व अतिथियों को 10.30 बजे तक अपना स्थान ग्रहण करना है। 10.30 बजे बाद किसी को एंट्री नहीं दी जाएगी। मेडल प्राप्त करने वाले विद्यार्थी अपने साथ अपने-माता-पिता को भी ला सकते हैं। परंतु उनका प्रवेश पत्र सोमवार को फोटो व आधार कार्ड पहुंचने पर ही बन पाएगा।