आगरालीक्स…मथुरा से आगरा आ रही रोडवेज बस का एक्सीडेंट. दो महिलाओं की मौत, 15 यात्री घायल. आगरा के रहने वाले हैं अधिकतर यात्री
आगरा—मथुरा हाइवे पर फरह टोल प्लाजा के पास रोडवेज बस का दर्दनाक एक्सीडेंट हो गया. तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई और पलट गई. हादसे में बस में सवार दो महिला यात्रियों की मौत हो गई जबकि एक दर्जन से अधिक सवारियां घायल हुई हैं. इनमें अधिकतर यात्री आगरा के रहने वाले हैें.मथुरा से यात्रियों को लेकर रोडवेज की अनुबंधित बस आगरा होकर फिरोजाबाद जा रही थी. फरह के महुअन टोल के पास दोपहर करीब एक बजे बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई और पलट गई. हादसे में बस में सवार लोगों में चीख पुकार मच गई. सूचना पर पुलिस और टोलकर्मी पहुंच गए. आनन फानन में बस के अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला और घायलों को अस्पताल भेजा गया.
हादसे में आगरा के आंवलखेड़ स्थित अगरपुर की रहने वाली संगीता पत्नी भीमसेन और थाना मगोर्रा मथुरा की रहने वाली चंचल कुमारी पुत्री रामवीर चाहर की मौत हो गई. वहीं घायलों में अधिकतर यात्री आगरा के रहने वाले हैं. इनमें भूरी देवी पत्नी राजू निवासी नैनाना जाट थाना सदर, मंजू पत्नी सोहन सिंह निवासी सहारा थाना मिढाकुर आगरा, बेबी पत्नी बच्चू सिंह निवासी आंवलखेड़ा आगरा, अजय पुत्र भूरी सिंह निवासी सेमरा थाना खंदौली आगरा, अनीता पत्नी मेहताब सिंह निवासी खंदौली आगरा, कृष्णा शर्मा पत्नी राकेश निवासी नाई की मंडी आगरा, पूजा शर्मा पत्नी रामवीर निवासी कैंट आगरा, निशा पत्नी लोचन सिंह निवासी नवीन गल्ला मंडी आगरा हैं जो कि गंभीर रूप से घायल हैं. इसके अलावा फरीदाबाद के रहने वाले शिवम और उसकी मां ललिता, फिरोजाबाद की रहने वाली निशा और सिदिक्षा द्विवेदी आदि शामिल हैं.