आगरालीक्स…आगरा में मरीजों की जान बचाने के लिए सर्जन्स ने किया रक्तदान. सर्जन्स वीक के तहत एसएन ब्लड बैंक में चिकित्सकों ने रक्तदान कर लोगों को किया प्रेरित
आपरेशन कर मरीजों की जान बचाने वाले डॉक्टरों ने सर्जन्स वीक के तहत एसएन मेडिकल कालेज की ब्लड बैंक में रक्तदान किया। एसोसिएशन आफ सर्जन्स आफ आगरा (एएसए) द्वारा आयोजित किए जा रहे सर्जन्स वीक के तहत सर्जन्स ने रक्तदान कर लोगों से अपील की कि वे भी रक्तदान करें। रक्तदान करने से कोई कमजोरी नहीं आती है। स्वस्थ रहने के लिए भी हर तीन महीने पर रक्तदान करना चाहिए। सर्जन्स वीक के तहत ब्लड डोनेशन डे मनाया गया। प्रधाना चार्य डॉ प्रशांत गुप्ता का अमूल्य सहयोग रहा व उन्होंने कहा कि एक बार रक्त दान करना एक तीर्थ यात्रा के बराबर होता है ।एएसए के अध्यक्ष डॉ. अमित श्रीवास्तव और पूर्व अध्यक्ष डॉ. सुनील शर्मा ने कहा कि एक यूनिट ब्लड से तीन मरीजों की जान बचाई जा सकती है। रक्तदान करने से आत्मविश्वास बढ़ता है और यह किसी मरीज की जान बचाने के काम आता है। ईसी सदस्य डॉ. समीर कुमार ने कहा कि अभी भी लोग रक्तदान करने से बचते हैं, उन्हें रक्तदान का महत्व समझना चाहिए। सचिव डॉ. जगतपाल सिंह ने कहा कि रक्तदान करने के लिए प्रेरित किया। एसएन के सर्जरी विभाग के अध्यक्ष डॉ. राजेश गुप्ता ने कहा कि सर्जन्स जानते हैं कि मरीज की जान बचाने के लिए खून कितना जरूरी है इसलिए जो स्वस्थ्य हैं उन्हें रक्तदान करने के लिए आगे आना चाहिए। एसएन की ट्रांसफ्यूजन मेडिसिन विभाग की अध्यक्ष डॉ. नीतू चौहान ने कहा कि रक्तदान करने वालों की संख्या बढ़ी है लेकिन अभी भी तमाम लोग रक्तदान करने से बचते हैं ऐसा नहीं करना चाहिए। डॉ अनुभव गोयल व डॉ उत्कर्ष ने कहा कि रक्तदान से बढ़ा और कोई दान नहीं है ।डॉ जगत पाल सिंह,ऋषि श्रीवास्तव, शिव सिंह ,गजेन्द्र सिंह, सादाब आदि ने रक्तदान किया। डॉ. उत्कर्ष, धर्मेंद्र सिंह, रोहित पाल सिंह, करन शर्मा मौजूद रहे।