आगरालीक्स…बटेश्वर में सावन मेले और सावन के सोमवारों पर होगी विशेष सुरक्षा व्यवस्था. मंदिर से लेकर घाटों तक रहेगा तीसरी आंख का पहरा, मोटरबोट के साथ मुस्तैद रहेंगे पीएसी के गोताखोर
उत्तर भारत के प्रमुख तीर्थ बटेश्वर में सावन का मेला 3 अगस्त को सोमवार से शुरू होगा। तीर्थ स्थल ट्रस्ट के चेयरमैन अरिदमन सिंह ने बाह स्थित बिजली घर के रेस्टहाउस में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर श्रद्धालुओं की सहूलियत एवं सुरक्षा को लेकर रणनीति बनाई। अरिदमन सिंह ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर मंदिर, घाट से लेकर मेला क्षेत्र तक तीसरी आंख का पहरा रहेगा। मंदिर तक बेरीकेडिंग एवं घाटों पर रस्से बांधे जाएंगे। उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की सहूलियत के लिए पानी, प्रकाश एवं मोबाइल टॉयलेट का प्रबंध ट्रस्ट कराएगा। श्रद्धालुओं की सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित दर्शन पहली प्राथमिकता है। एसडीएम बाह विनोद कुमार ने बताया कि श्रद्धालुओं को चिकित्सा सेवा के लिए एंबुलेंस के साथ स्वास्थ्य विभाग की टीम रहेगी। श्रद्धालुओं को सुरक्षित दर्शन पहली प्राथमिकता है। एसीपी बाह जितेन्द्र कुमार ने बताया कि कांवड़िए नौरंगीघाट से मई, टोका मार्ग से आकर कारीडोर के रास्ते मंदिर पहुंचेंगे। वहीं श्रद्धालु खांद के रास्ते मंदिर तक पहुंचेंगे। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए खांद, मनमथ, बटेश्वर प्रवेश द्वार पर बेरियर लगाए जाएंगे। पार्किंग में भीड़ नियंत्रण को पुलिस का पहरा रहेगा। घाटों पर ट्रस्ट के गोताखोर होंगे, जबकि यमुना नदी में मोटरबोट के साथ पीएसी के गोताखोर मुस्तैद रहेंगे। जिससे डूबने आदि की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके। इस दौरान ध्रुव कुमार शर्मा, हरनरायन सिंह भदौरिया, पुलकित भदौरिया, आनंद पाल सिंह, राजवीर सिंह भदौरिया, अल्केन्द्र जादौन, अजय भदौरिया, संतोष गहलोत, राजकुमार गोस्वामी आदि रहे।