आगरालीक्स…आगरा में फंदे से लटकी मिली विवाहिता, तीन महीने पहले हुई थी शादी. पति एक दिन पहले ही मायके से ससुराल लाया था
थाना फतेहाबाद क्षेत्र के गांव बेगमपुर में सोमवार को एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटकने से मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार बेगमपुर निवासी सचिन की पत्नी रवीना (18) ने सोमवार को घर में पंखे से रस्सी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजन उसे गंभीर हालत में फतेहाबाद के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आरोप है कि इसके बाद ससुराल पक्ष के लोग शव अस्पताल में छोड़कर चले गए।घटना की सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्र पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे और आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मृतका के पिता विनोद, निवासी गांव तारौली गुर्जर, ने बताया कि उनकी बेटी की शादी करीब तीन माह पहले सचिन के साथ हुई थी। उनका कहना है कि रविवार रात सचिन रवीना को मायके से अपने साथ ससुराल लेकर गया था। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।