आगरालीक्स…मूडिया पूर्णिमा मेला 23 जुलाई से हो रहा शुरू. आगरा से 250 बसें जाएंगी मथुरा. 100 बसें रिजर्व में रहेंगी. जानें कितना होगा किराया और कहां—कहां से मिलेंगी बसें
गोवर्धन के ऐतिहासिक मुडिया पूर्णिमा मेले को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं. इस साल 23 जुलाई से 30 जुलाई तक मुडिया पूर्णिमा मेला आयोजित किया जाएगा. परिवहन निगम की ओर से भी यात्रियों की सहूलियतों के लिए बसों की पर्याप्त उपलब्धता कराई जा रही है. इसको लेकर मंगलवार को प्रबंध निदेशक उत्तर प्रदेश परिवहन निगम मासूम अली सरवर द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक की गई.1000 बसें जाएंगी मथुरा
बैठक में निर्देश दिए गए कि मेले में प्रतिभाग करने वाले सभी क्षेत्रों से कुल 1000 बसें अपने अपने क्षेत्र से डबल क्रू के साथ समय से मथुरा डिपो पहुंचे और मेला अवधि 23 जुलाई से 30 जुलाई तक के लिए उपलब्ध कराएंगे. इसमें आगरा क्षेत्र 250 बसें, अलीगढ़ क्षेत्र 150 बसें, गाजियाबाद क्षेत्र 150 बसें, मेरठ क्षेत्र 100 बसें, इटावा क्षेत्र 150 बसें, मुरादाबाद क्षेत्र 100 बसें और बरेली क्षेत्र 100 बसें जाएंगी. इसके अलावा आगरा में 100 रोडवेज बसें रिजर्व में रहेंगी.
जानिए कितना होगा किराया और कहां से मिलेंगी बसें
राजकीय मुड़िया पूर्णिमा मेला में आने वाले श्रद्धालुओं को सुगम एवं सुरक्षित यात्रा कराई जाएगी, बसें भूतेश्वर बस स्टेशन एवं मालगोदाम स्थित रेलवे गेट नं 2 से संचालित की जायेंगी, गोवर्धन जाने का मार्ग गोवर्धन चौराहा अड़ींग होकर होगा और वापसी का मार्ग गोवर्धन सोंख मंडी, नरहौली चौराहा धौलीप्याऊ होकर होगा. मथुरा गोवर्धन जाने और गोवर्धन मथुरा वापस आने का समान किराया 50/ रु रहेगा. धौलीप्याऊ पार्किंग ग्राउंड, गोवर्धन चौराहा, अड़ींग,जमुनाबत, महमूदपुर, एवं बाबा जयगुरुदेव चौराहे पर इंटरसैपटर क्यूआरटी टीम ,जाम आदि किसी भी समस्या के हल कराने हेतु उपलब्ध रहेगी.
मेले में संचालित होने वाली बसों में तैनात सभी चालक और परिचालकों को निर्धारित वर्दी में ड्यूटी करने के निर्देश दिए गए हैं. इससे उनकी पहचान सुनिश्चित हो सके.