आगरालीक्स…शॉकिंग, आगरा में 12वीं के छात्र का खून से लथपथ शव कमरे में मिला. पास में थी पिता की लाइसेंसी राइफल. परिवार का इकलौता बेटा था. पुलिस जांच में जुटी
आगरा में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है. कक्षा 12वीं में पढ़ने वाले 18 साल के एक लड़के ने पिता की लाइसेंसी रायफल से खुद को गोली मारकर जान दे दी. छात्र ने खुद को कमरे में बंद दिया और फिर सिर से सटिाकर गोली मार ली. फायरिंग की आवाज सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी. गोली लगने से उसका आधा चेहरा उड़ गया था. इधर सूचना पर पुलिस पहुंच गई. फोरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए हैं. पुलिस मामले की जांच कर रही है.रात ढाई बजे पिता पहुंंचे थे घर
घटना थाना बाह के टीचर्स कॉलोनी की है. यहां सुदीप शर्मा अपनी पत्नी डॉली और 18 साल के इकलौते बेटे आदित्य शर्मा के साथ रहते हैं. सुदीप शर्मा राजस्थान की एक निजी कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड हैं और काम के सिलसिले में अक्सर बाहर रहते हैं. इनका बेटा आदित्य शर्मा कक्षा 12वीं का छात्र था. पुलिस पूछताछ में परिजनों ने बताया कि गुरुवार देर रात करीब ढाई बजे सुदीप शर्मा घर पहुंचे थे. उस समय आदित्य जाग रहा था और उसने ही दरवाजा खोला था. सुदीप के पास लाइसेंसी राइफल थी जिसे उन्होंने कमरे में संदूक के ऊपर रख दी और फिर सोने चले गए.
सुबह 10 बजे कमरे से आई गोली चलने की आवाज
आदित्य छत पर बने कमरे में सो रहा था. शुक्रवार सुबह आदित्य स्कूल नहीं गया. देर रात तक जागने के कारण परिजनों ने उसे जगाया नहीं. कुछ देर बाद मां डॉली आदित्य को जगाने के लिए पहुंंची तो उसने अंदर से दरवाजा बंद कर लिया. इस पर मां डॉली नीचे आ गई और अपने काम में व्यस्त हो गई. सुबह करीब 10 बजे आदित्य के कमरे से गोली चलने की आवाज आई. फायरिंग की आवाजा से अफरातफरी मच गई. मां बाप और पड़ोसी छत पर बने कमरे की ओर दौड़े. कमरा अंदर से बंद था. सूचना पुलिस को दी गई.
सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़ा और अंदर जाकर देखा तो आदित्य खून से लथपथ मिला और उसका आधा चेहरा गायब था. प्रारंभिक जांच में आदित्य ने पिता की राइफल से खुद के चेहरे पर सटाकर गोली मार ली. उसकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी. पुलिस ने राइफल को कब्जे में लिया है. फोरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए हैं. फिल्हाल पुलिस मामले की जांच कर रही है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है.
सदमे में परिवार
इधर इकलौते बेटे की हुई इस मौत से परिवार सदमे में आ गया है. पिता सुदीप ने बताया कि आदित्य दो तीन साल पहले डिप्रेशन में रहता था. बात बात पर गुस्सा हो जाता था. उसका इलाज कराया गया था तब वह ठीक हो गया था. हाल के दिनों में सामान्य व्यवहार कर रहा था. कोई भी परेशानी नहीं थी. पुलिस जांच कर रही है कि आखिरकार आदित्य ने यह आत्मघाती कदम क्यों उठाया.