आगरालीक्स….आगरा में आरबीएस कॉलेज के 133 शिक्षकों को भी मिला कैशलेस चिकित्सा कार्ड. शिक्षकों और उनके आश्रित परिजनों को मिलेगा लाभ
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शिक्षकों के स्वास्थ्य एवं सामाजिक सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए राजा बलवंत सिंह (आरबीएस) कॉलेज, आगरा के 133 शिक्षकों को मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के अंतर्गत कैशलेस चिकित्सा कार्ड प्रदान किए। यह योजना शिक्षकों एवं उनके आश्रित परिवारजनों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित की जा रही है। इस अवसर पर डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय, आगरा के खंदारी परिसर स्थित शिवाजी मंडपम में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने करकमलों से प्रतीकात्मक रूप से आरबीएस कॉलेज के प्राचार्य प्रो. विजय श्रीवास्तव, कैशलेस चिकित्सा योजना के नोडल अधिकारी डॉ. आलोक सिंह के साथ-साथ प्रो. मनु प्रताप सिंह, प्रो. भूपेंद्र शर्मा, प्रो. मनोज सिंह राठौर, प्रो. संजीव शर्मा एवं अन्य शिक्षकों को मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के कैशलेस चिकित्सा कार्ड प्रदान किए।मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के अंतर्गत प्रदेश के लगभग 1.5 लाख शिक्षकों एवं उनके आश्रित परिवारजनों को कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा का लाभ मिलेगा। इस योजना के माध्यम से शिक्षकों को सूचीबद्ध अस्पतालों में बेहतर एवं समयबद्ध उपचार की सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे उनके उपचार पर होने वाले आर्थिक बोझ में भी कमी आएगी। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र चौधरी, उत्तर प्रदेश सरकार की मंत्री बेबी रानी मौर्य, मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, मंत्री धर्मवीर प्रजापति, सांसद नवीन जैन, सांसद राजकुमार चाहर, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, विधायक डॉ. जी.एस. धर्मेश, विधायक चौधरी बाबूलाल, विधायक भगवान सिंह कुशवाहा, विधायक छोटेलाल वर्मा, विधायक रानी पक्षालिका सिंह, विधान परिषद सदस्य विजय शिवहरे, विधान परिषद सदस्य मानवेंद्र प्रताप सिंह, महापौर हेमलता दिवाकर, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. मंजू भदौरिया सहित अनेक जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षकों ने मुख्यमंत्री द्वारा शुरू की गई इस जनकल्याणकारी पहल का स्वागत करते हुए इसे शिक्षक समुदाय के लिए अत्यंत लाभकारी बताया। उन्होंने कहा कि कैशलेस चिकित्सा सुविधा मिलने से शिक्षकों एवं उनके परिवारों को गंभीर बीमारी की स्थिति में बेहतर उपचार उपलब्ध होगा और आर्थिक बोझ भी कम होगा। मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का उद्देश्य प्रदेश के शिक्षकों को स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान करना तथा उन्हें बिना आर्थिक चिंता के सूचीबद्ध अस्पतालों में उपचार की सुविधा उपलब्ध कराना है। इस योजना से प्रदेशभर के लगभग 1.5 लाख शिक्षकों एवं उनके आश्रित परिवारों को प्रत्यक्ष लाभ मिलने की उम्मीद है।