आगरालीक्स…आगरा के अधिवक्ता की टूंडला में एक्सीडेंट से मौत. डिवाइडर से टकराई बाइक. ढाई साल पहले ही हुई थी शादी
आगरा के एत्मादपुर में रहने वाले अधिवक्ता की टूंडला क्षेत्र में हाइवे पर एक्सीडेंट में मौत हो गई. उनकी बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई. टक्कर इतनी तेज थी कि अधिवक्ता की मौके पर ही मौत हो गई. सूचना पर पुलिस पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है.मृतक का नाम अजय कुमार उर्फ अभिषेक निवासी स्टेशन रोड थाना एत्मादपुर है. वह शुक्रवार को अपने एक परिचित के साथ जैन संस कोल्ड स्टोरेज से आलू लेने के लिए आए थे और दोपहर करीब सवा दो बजे बाइक से अपने घर वापस लौट रहे थे. आगरा हाइवे स्थित हैप्पी होटल के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई. सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई. अधिवक्ता के पिता प्रेम सिंह पिप्पल ने बताया कि उनका बेटा उन्हीं के साथ वकालत करता था और ढाई साल पहले ही उसकी शादी हुई थी. घर में उसकी पत्नी और एक साल की बेटी है. अजय चार भाई बहनों में सबसे बड़ा था.