आगरालीक्स…आगरा में जब कई सारे छोटे—छोटे स्कूली बच्चे पहुंचे एत्माद्दौला थाने…
श्यामलाल सरस्वती शिशु-विद्या मंदिर, यमुना ब्रिज, आगरा के शिशु वाटिका के बच्चों ने शुक्रवार को एत्मादौला थाने का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस भ्रमण का उद्देश्य बच्चों को पुलिस की कार्यप्रणाली, सुरक्षा व्यवस्था और समाज में पुलिस की भूमिका के प्रति जागरूक करना था। थाना प्रांगण में पहुँचने पर थाना इंस्पेक्टर देवेंद्र दुबे एवं उनकी पूरी टीम ने नन्हे-मुन्ने बच्चों का आत्मीय स्वागत किया। उन्होंने बच्चों को थाने के विभिन्न कक्षों, हेल्पलाइन नंबरों और पुलिस की दैनिक गतिविधियों की जानकारी बेहद सरल भाषा में दी। विद्यालय के प्रधानाचार्य उत्तम सिंह के सफल नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने उत्साहपूर्वक पुलिस की गतिविधियों को समझा। प्रधानाचार्य ने बताया कि इस प्रकार के व्यावहारिक भ्रमण से बच्चों के मन से पुलिस का भय समाप्त होता है और उनके भीतर नागरिक कर्तव्यों एवं सुरक्षा के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण का विकास होता है।