मथुरालीक्स…मथुरा में छात्राओं से भरी स्कूली बस का ट्रैक्टर ट्रॉली के साथ हुआ एक्सीडेंट, बच्चों में मच गई चीख पुकार. तीन छात्राएं घायल
मथुरा में शनिवार सुबह छात्राओं को लेकर जा रही एक स्कूली बस की ट्रैक्टर ट्रॉली के साथ भिड़ंत हो गई. आमने सामने की इस भिड़ंत में बस के शीशे टूट गए जिससे तीन छात्राएं घायल हुई हैं. हादसे के बाद बच्चों में चीख पुकार मच गई. सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल छात्राओं को सीएचसी मांट में भर्ती कराया गया. वहीं ट्रैक्टर ट्रॉली चालक फरार हो गया.वृंदावन में हनुमान प्रसाद धानका विद्यालय है. शनिवार सुबह इस स्कूल की बस मांट क्षेत्र से छात्राओं को लेकर स्कूल जा रही थी. बिजलीघर के पास स्कूली बस का ट्रैक्टर ट्रॉली के साथ आमने सामने की भिड़ंत हो गईं. बस में करीब दो दर्जन छात्राएं सवार थी. टक्कर लगने के बाद छात्राओं में चीख पुकार मच गई. वहीं तीन छात्राएं चेतना पुत्री प्रेम सिंह, सविता पुत्री नागेंद्र सिंह तथा यति पुत्री कमल सिहं घायल हो गई.
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई. घायल छात्राओं को तत्काल सीचएसी मांट ले जाया गया. अन्य छात्राएं सुरक्षित हैं. वहीं ट्रैक्टर ट्रॉली चालक मौके से वाहन सहित फरार हो गया है. सीसीटीवी से चालक की पहचान की जा रही है. उसकी तलाश जारी है.