आगरालीक्स आगरा के डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में पहली बार दी जा रही मानद उपाधि, गोल्डन ग्रास (मदुर) शिल्पकार को मिलेगी उपाधि, 88 पदक दिए जाएंगे, जानें।
आगरा के डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय का 92वाँ दीक्षांत समारोह 3 अगस्त (सोमवार) स्वामी विवेकानंद खंदारी परिसर स्थित शिवाजी मण्डपम में होने जा रहा है। समारोह की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल करेंगी। मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद (NCTE), शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार के चेयरमैन प्रो. पंकज अरोड़ा तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय एवं राज्यमंत्री रजनी तिवारी समारोह में सहभागिता करेंगे। यह जानकारी शनिवार को विश्वविद्यालय में जनसम्पर्क विभाग द्वारा आयोजित प्रेसवार्ता में कुलपति प्रो. आशु रानी ने दी। उन्होंने बताया कि यह दीक्षांत समारोह विश्वविद्यालय के शताब्दी वर्ष के गौरवशाली आयोजनों की श्रृंखला का सबसे महत्वपूर्ण कार्यक्रम होगा, जिसमें शिक्षा, शोध, नवाचार, महिला स्वास्थ्य, खेल, संस्कृति और अधोसंरचना विकास के अनेक आयाम एक साथ देखने को मिलेंगे।79832 विद्यार्थियों की मिलेगी उपाधियां
इस वर्ष विश्वविद्यालय 79,832 विद्यार्थियों को विभिन्न पाठ्यक्रमों की उपाधियाँ प्रदान करेगा। इनमें 55,686 स्नातक, 9,150 स्नातकोत्तर, 14,826 प्रोफेशनल पाठ्यक्रमों के विद्यार्थी, 167 पीएच.डी. शोधार्थी तथा 3 विद्वानों को डी.लिट्. की उपाधि प्रदान की जाएगी। उन्होंने बताया कि शैक्षणिक उत्कृष्टता के लिए 64 मेधावी विद्यार्थियों को कुल 88 पदकों से सम्मानित किया जाएगा। इनमें 46 छात्राएँ और 18 छात्र शामिल हैं, जो विश्वविद्यालय में छात्राओं की उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धियों का प्रतीक है।
गोल्डन ग्रास शिल्पकार अरधेंदु शेखर दास को मिलेगी मानद उपाधि
कुलपति ने बताया कि विश्वविद्यालय इस वर्ष भारतीय पारंपरिक हस्तशिल्प एवं ग्रामीण उद्यमिता के संरक्षण और संवर्धन में उल्लेखनीय योगदान के लिए पश्चिम बंगाल के सुप्रसिद्ध गोल्डन ग्रास (मदुर) शिल्पकार श्री अरधेंदु शेखर दास को मानद उपाधि से अलंकृत करेगा। उन्होंने कहा कि श्री दास ने दो दशकों से अधिक समय से भारतीय पारंपरिक शिल्प को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने के साथ-साथ लगभग 50 ग्रामीण कारीगरों, विशेषकर महिलाओं, को स्वरोजगार उपलब्ध कराकर आत्मनिर्भरता का प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया है।
दीक्षांत समारोह के अंतर्गत 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की 100 बालिकाओं का निःशुल्क HPV टीकाकरण किया जाएगा। इस अभियान में मुख्य चिकित्सा अधिकारी, आगरा का विशेष सहयोग रहेगा। टीकाकरण के उपरांत कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल प्रत्येक बालिका को विश्वविद्यालय के गृह विज्ञान संस्थान के खाद्य एवं पोषण विभाग द्वारा तैयार विशेष न्यूट्रिशन बास्केट प्रदान करेंगी।
विश्वविद्यालय का सामुदायिक रेडियो 90.4 "आगरा की आवाज़" इस अवसर पर विशेष डॉक्यूमेंट्री फिल्म प्रस्तुत करेगा। इसमें विश्वविद्यालय के शताब्दी वर्ष के स्थापना दिवस समारोह तथा दीक्षोत्सव के विविध आयोजनों की प्रमुख झलकियाँ प्रदर्शित की जाएंगी।
अखिल भारतीय विश्वविद्यालय प्रतियोगिताओं, खेलो इंडिया, नॉर्थ जोन एवं विभिन्न राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विश्वविद्यालय का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को भी इस बार विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा। स्वर्ण एवं रजत पदक विजेता खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि समारोह में विश्वविद्यालय की प्रगति आख्या का प्रस्तुतीकरण, राष्ट्रीय शैक्षणिक डिपॉजिटरी (NAD) पर डिजिटल डिग्री अपलोड का लाइव प्रदर्शन, स्वर्ण पदक विजेताओं एवं शोधार्थियों का सम्मान, उत्कृष्ट शिक्षकों का सम्मान, शिक्षकों द्वारा लिखित पुस्तकों का लोकार्पण, विश्वविद्यालय की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण, HDFC बैंक के CSR सहयोग से विकास कार्य, दीक्षोत्सव पर आधारित लघु फिल्म, विद्यालयी विद्यार्थियों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ, HPV अभियान में सहयोग देने वाले प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों का सम्मान, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों को पोषण किट तथा प्राथमिक विद्यालयों को पुस्तकों का वितरण जैसे अनेक आकर्षण होंगे। कई परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास होगा
कुलपति ने बताया कि कुलाधिपति द्वारा विश्वविद्यालय की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास भी किया जाएगा। लोकार्पण होने वाली प्रमुख परियोजनाओं में विश्वविद्यालय मॉडल स्कूल का जीर्णोद्धार एवं विस्तार, मियावाकी (निधिवन) परियोजना, चाणक्य सदन एवं अतिथि गृह का नवीनीकरण, सेंटर फॉर लीगल एजुकेशन "शताब्दी भवन", कणाद हाई-टेक इंस्ट्रूमेंटेशन सेंटर, बाबा भीमराव आंबेडकर प्रतिमा स्थल का नवीनीकरण, छलेसर परिसर का शताब्दी द्वार, लॉन टेनिस कोर्ट तथा सड़क एवं पार्किंग निर्माण शामिल हैं। वहीं आंबेडकर भवन तथा 12 आवासों वाले टीचर्स होम के जीर्णोद्धार एवं नवीनीकरण कार्यों का शिलान्यास भी किया जाएगा। कुलपति ने विश्वविद्यालय की भावी विकास योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि गोपालगंज परिसर में महिला छात्रावास तथा सुल्तानगंज परिसर में पुरुष छात्रावास के निर्माण की योजना तैयार की जा रही है। इसके लिए वर्तमान जर्जर भवनों को ध्वस्त करने की प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है तथा लोक निर्माण विभाग से आवश्यक अनुमति प्राप्त हो गई है। कुलाधिपति के निरीक्षण के उपरांत आगे की कार्ययोजना को अंतिम रूप दिया जाएगा। इस अवसर पर कुलसचिव अजय मिश्रा, परीक्षा नियंत्रक डॉ ओम प्रकाश, वित्त अधिकारी सुदर्शन, प्रो भूपेंद्र स्वरुप शर्मा, प्रो प्रदीप श्रीधर, डॉ. स्वेतलाना, डॉ संदीप, तरुण, प्रो शरद उपाध्याय और जनसम्पर्क अधिकारी पूजा सक्सेना उपस्थित रहे।