आगरालीक्स ….आगरा से 42 लाख रुपये के जूते और आयरन चेन के माल को रेलवे पार्सल बोगी से दो लाख रुपये का बताकर मुंबई भेजा, 42 लाख का था माल, जीएसटी अधिकारी, ट्रांसपोर्टर सहित चार के खिलाफ विजिलेंस थाने में प्राथिमिकी दर्ज।
शिकायतकर्ता रवि गांधी ने जीएसटी के सचल दल पंचम के प्रभारी सहायक आयुक्त संदीप कुमार सिंह सहित अन्य को शिकायत की, कहा कि आगरा फोर्ट स्टेशन से माल वाहक बोगी को बुक कर जीएसटी चोरी कर अवध एक्सप्रेस से इंद्रापुरम निवासी ट्रांसपोर्टर असलम कुरैशी द्वारा माल मुंबई भेजा जा रहा है। जीएसटी अधिकारी मौके पर पहुंचे, बताया कि बोगी खाली है, इसके बाद जीएसटी अधिकारियों को कई कॉल भी किए गए कि बोगी में माल भरा जा रहा है लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई।
बोगी में लोड़ किए गए जूते और आयरन की चेन
ट्रांसपोर्टर ने बोगी से मुंबई भेजे गए माल की कीमत दो लाख रुपये दर्शाई थी, इस मामले की विजिलेंस द्वारा खुली जांच की गई। रेलवे के प्रपत्र में अवध एक्सप्रेस से जूतों के 300 बॉक्स और 100 बोरी आयरन चेन भेजी गईं थीं, प्रत्येक बोरी में 60 किलोग्राम आयरन चेन थीं विजिलेंस के अनुसार, माल की कीमत 42 से 45 लाख रुपये थी। वहीं, रेलवे विभाग के अभिलेख में बोगी को 29 सितंबर 2022 को सुबह 9.15 बजे से रात 11.40 बजे तक लोड किया गया।
चार के खिलाफ मुकदमे
पुलिस अधीक्षक विजिलेंस आलोक शर्मा के अनुसार, निरीक्षक अशोक कुमार ने जीएसटी के तत्कालीन सहायक आयुक्त संदीप कुमार सिंह, वाणिज्य कर अधिकारी देवेश पांडेय, सतीश चंद्र और ट्रांसपोट्रर असलम कुरैशी के खिलाफ प्राथिमिकी दर्ज कराई है। जीएसटी विभाग के तीनों अधिकारी अन्य जिलों में तैनात हैं।