आगरालीक्स…आगरा सहित यूपी को वेडिंग डेस्टिनेशन बनाने की मांग. सितंबर में होने जा रहे इंडियन वेडिंग इंडस्ट्रीज एक्सपो और कॉन्क्लेव 2026 के लिए पर्यटन मंत्री से मिला प्रतिनिधिमंडल. पोस्टर का विमोचन
वेडिंग इंडस्ट्रीज एसोसिएशन, उत्तर प्रदेश का एक प्रतिनिधिमंडल लखनऊ में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री, पर्यटन एवं संस्कृति जयवीर सिंह से शिष्टाचार भेंट कर वार्ता की। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व संगठन के अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने किया। प्रतिनिधिमंडल में संगठन के संरक्षक राजेश गोयल बबलू भाई, महासचिव संदीप उपाध्याय, वरिष्ठ उपाध्यक्ष मनीष सिंघल, उपाध्यक्ष सौरभ सिंघल एवं संगठन के एडमिनिस्ट्रेटर अनिल सविता प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। भेंट के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश में वैवाहिक उद्योग के विस्तार और पर्यटन विकास को लेकर महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की।
अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने कहा कि “उत्तर प्रदेश सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और ऐतिहासिक दृष्टिकोण से अत्यंत समृद्ध है। हमारे पास वाराणसी, प्रयागराज, अयोध्या, मथुरा-वृंदावन, आगरा के साथ-साथ एनसीआर से जुड़े नोएडा-गाजियाबाद जैसे विश्वस्तरीय स्थल हैं। यदि प्रदेश सरकार उत्तर प्रदेश को ‘वेडिंग डेस्टिनेशन स्टेट’ के रूप में प्रमोट करे तो इससे पर्यटन और वैवाहिक उद्योग दोनों को अभूतपूर्व लाभ मिलेगा।” महासचिव संदीप उपाध्याय ने कहा कि “पर्यटन के विभिन्न विकल्पों में वेडिंग डेस्टिनेशन सबसे सशक्त और तेजी से बढ़ता विकल्प है। प्रदेश में आज बड़े होटल ब्रांड्स की बड़ी चेन मौजूद हैं, जो इसे और मजबूत बनाती हैं।”
संरक्षक राजेश गोयल बबलू ने कहा कि “सरकार को अपनी पर्यटन नीति में वेडिंग वेन्यूज को विशेष योजनाओं के तहत शामिल करना चाहिए। आकर्षक मैरिज होम और वेन्यू बनाने के लिए विशेष सब्सिडी देकर प्रमोट किया जाना चाहिए।” वरिष्ठ उपाध्यक्ष मनीष सिंघल एवं उपाध्यक्ष सौरभ सिंघल ने कहा कि “वेडिंग सेक्टर एक ऐसा सेक्टर है जो प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से लाखों लोगों को रोजगार देता है। कैटरर्स, डेकोरेटर, इवेंट प्लानर, वेन्यू ओनर, होटल व्यवसाय के साथ-साथ ट्रांसपोर्ट, कपड़ा और खाद्य व्यवसाय भी इससे सीधे लाभान्वित होते हैं।” प्रतिनिधिमंडल ने जयवीर सिंह को आगामी 21-22 सितंबर 2026 को होटल ताज, आगरा में आयोजित होने वाले ‘इंडियन वेडिंग इंडस्ट्रीज कॉन्क्लेव एंड एक्सपो’ के लिए सादर आमंत्रित किया और पर्यटन एवं संस्कृति मंत्रालय से सहयोग का आग्रह किया। इस अवसर पर जयवीर सिंह ने कॉन्क्लेव के पोस्टर का विमोचन कर आयोजन के लिए अग्रिम शुभकामनाएं दीं। उन्होंने आश्वासन दिया कि सरकार शीघ्र ही वेडिंग डेस्टिनेशन को प्रमोट करने के लिए विशेष योजना बनाएगी और वैवाहिक उद्योग से जुड़े सभी स्टेकहोल्डर्स के साथ बैठक कर उनकी अपेक्षाओं को आगामी पर्यटन नीति में शामिल किया जाएगा।