आगरालीक्स…नेपाल बाढ़ में अब तक 1250 लोगों की मौत. आगरा में मृत लोगों की आत्मशांति के लिए सेंट मैरी चर्च में हुई विशेष प्रार्थना.
सेंट मैरी चर्च, प्रतापपुरा, आगरा में चल रही नौ दिवसीय विशेष प्रार्थना सभा के आज छठे दिन नेपाल में आई भीषण बाढ़ एवं उससे उत्पन्न भयावह परिस्थितियों में मृत लोगों की आत्मा की शांति के लिए विशेष प्रार्थना की गई। प्रार्थना सभा के दौरान नेपाल में बाढ़ से प्रभावित लोगों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की गई। प्रार्थना में विशेष रूप से उन परिवारों को याद किया गया, जिन्होंने इस प्राकृतिक आपदा में अपने प्रियजनों को खो दिया है। नेपाल में बिगड़ते हालात को देखते हुए प्रभु यीशु मसीह से प्रार्थना की गई कि वे मृतकों की आत्माओं को शाश्वत शांति प्रदान करें तथा उनके परिवारों को इस कठिन समय में शक्ति और साहस दें।
विशेष प्रार्थना में उन बच्चों के लिए भी प्रार्थना की गई, जिन्होंने इस आपदा में अपने माता-पिता एवं परिवार के सदस्यों को खो दिया और अनाथ हो गए हैं। प्रभु से प्रार्थना की गई कि वे इन अनाथ बच्चों का सहारा बनें और उनके जीवन में ऐसे लोगों को भेजें, जो उनका पालन-पोषण करें, उनकी शिक्षा एवं भविष्य की जिम्मेदारी उठाएं तथा उन्हें सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन प्रदान करने में सहायता करें। इस अवसर पर सेंट मैरी चर्च के पल्ली पुरोहित फादर जोसेफ डाबरे ने प्रार्थना का नेतृत्व किया। उनके साथ आज के प्रमुख प्रवाचक फादर रोजिमोन थॉमस ने विशेष प्रार्थना एवं प्रवचन के माध्यम से उपस्थित श्रद्धालुओं को मानवीय संवेदना, सेवा, करुणा और जरूरतमंदों के साथ खड़े रहने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में फादर अजय तथा डिकन स्वप्निल भी उपस्थित रहे। सभी श्रद्धालुओं ने नेपाल में बाढ़ से प्रभावित लोगों के लिए सामूहिक रूप से प्रार्थना की तथा प्रभु से प्रार्थना की कि नेपाल में जल्द से जल्द परिस्थितियां सामान्य हों और पीड़ित परिवारों को राहत एवं सहायता प्राप्त हो। क्रिश्चियन समाज सेवा सोसायटी के अध्यक्ष डेनिस सिल्वेरा ने कहा कि प्रभु दुख और संकट की इस घड़ी में प्रत्येक पीड़ित परिवार के साथ रहें और उन्हें नई आशा, शक्ति तथा शांति प्रदान करें।