आगरालीक्स…आगरा के लोहामंडी में निकली परम गुरुदेव श्री रत्न चंद जी महाराज साहब की भव्य शोभा यात्रा..
परम गुरु जैन युवा समिति रजि. लोहामंडी आगरा के तत्वाधान में पर्यूषण पर्व के अंतर्गत परम गुरुदेव श्री रत्नचंद जी म. सा. की जन्म जयंती के शुभ अवसर पर एक विशाल शोभायात्रा का आरंभ लोहामंडी रेलवे फाटक से लोहामंडी बाजार, बलदेवगंज, लोहामंडी चौराहा होती हुई स्मृति भवन जयपुर पर संपन्न हुई। शोभायात्रा में श्री अनुपम मुनि जी म. सा. तथा साध्वी श्री रिद्धिमा जी म. सा. सम्मिलित रहे। रथयात्रा के मुख्य यजमान श्यामलाल अनिल कुमार, आशीष जैन रहे।
शोभायात्रा का शुभारंभ मुख्य लाभार्थी के परिवार द्वारा मुख्य रथ पर विराजित गुरुदेव श्री रत्नचंद महाराज के चित्र की आरती कर किया गया। शोभायात्रा में नवकार मंत्र की आकर्षक झांकी तथा जैन मुनि के रूप में छोटे बच्चों की झांकी आकर्षण का केंद्र रही। गुरुदेव की शोभायात्रा का गुरुभक्तों द्वारा अनेकों जगहों पर प्रभावना द्वारा स्वागत किया गया। शोभायात्रा में गुरुभक्तों की विशाल भीड़ शामिल थी। गुरुभक्त बैंड बाजे की धुन पर धार्मिक भजनों पर नाचते हुए भजन गाते हुए चल रहे थे। शोभायात्रा के दौरान वातावरण पूरा धार्मिक और भक्तिमय हो गया था। शोभायात्रा के स्मृति भवन पहुंचने के पश्चात वहां पर श्री रत्न मुनि जैन गर्ल्स इंटर कॉलेज की छात्राओं द्वारा तथा आस्था महिला मंडल द्वारा धार्मिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए।
स्मृति भवन में धार्मिक सभा के दौरान उपस्थित साधु और साध्वियों ने गुरुदेव श्री रत्नचंद जी महाराज जी के जीवन से प्रेरणा लेने की शिक्षा दी। कार्यक्रम के अंत में सबने परम गुरु जैन युवा समिति रजि. द्वारा आयोजित गौतम प्रसादी ग्रहण करी। कार्यक्रम में परम गुरु जैन युवा समिति के प्रतीक, प्रशांत, मनीष, अजय, अनिल, सुबोध, विवेक तथा सभी सदस्य श्री एस एस जैन समिति के सुशील, योगेश, अभय, सुभाष, मुकेश, रवि जैन उपस्थित रहे।