आगरालीक्स आगरा के युवाओं की 12 टीमों के स्टार्टअप का हुआ चयन, देंगे रोजगार।
डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के स्वामी विवेकानंद खंदारी परिसर स्थित जेपी सभागार में यूपीराइज का आयोजन किया गया। कुलपति प्रो. आशु रानी ने युवाओं के लिए स्टार्टअप के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह आत्मनिर्भरता और रोजगार सृजन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने छात्रों को संवाद, संकल्प और सफलता के तीन चरणों को अपनाने का आह्वान किया। कुलपति जी ने कहा कि विवेकानंद इन्क्यूबेशन फाउंडेशन छात्रों को अपने नवीन विचारों को स्टार्टअप में परिवर्तित करने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन और सहयोग प्रदान करता है। छात्रों के लिए चार प्रमुख जोन बनाए गए हैं। इन जोन में विद्यार्थियों को विभिन्न अवसरों, मार्गदर्शन और करियर से जुड़ी जानकारियां उपलब्ध कराई जा रही हैं। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण मेन स्टेज पिचिंग एरिना रहा, जहां प्रतिभागियों ने अपने विचारों, नवाचारों और उद्यमिता संबंधी अवधारणाओं को प्रस्तुत किया।
50 में से 12 टीमों का चयन
50 टीमों ने प्रतिभाग किया, प्रतियोगिता का आयोजन तीन चरणों में किया गया, जिसके बाद 12 टीमों का चयन अंतिम पिचिंग राउंड के लिए किया गया है। प्रतियोगिता में सेठ पदम चंद जैन संस्थान के बीबीए के छात्रों की टीम ReOil ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (आईईटी) की Solar Sweep टीम को प्रथम उपविजेता घोषित किया गया। वहीं, यूसीसी के छात्रों की Study App टीम ने द्वितीय उपविजेता का स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम का आयोजन प्रो. अनिल गुप्ता और डॉ. प्रेरणा मेहता के निर्देशन में किया गया। कार्यक्रम संचालन में डॉ मीनाक्षी चौधरी, इंजी. सोनल पांडे, इंजी. सुमित पाठक, इंजी. नीतू काबरा, इंजी.अनुपमा पारस, डॉ साधना सिंह, डॉ श्वेता चौधरी, डॉ अमित साहू, इंजी. तृप्ति पाल, प्रशांत कुमार, हिमांशु, महिमा आदि का विशेष सहयोग रहा।