आगरालीक्स…आगरा में अब पेंशनर घर बैठे ऑनलाइन दे सकेंगे जीवित प्रमाण-पत्र..कोषागार कार्यालय के चक्कर से मिली मुक्ति, डिजिटल सुविधा से बड़ी राहत..जानिए क्या है आनलाइन प्रक्रिया
कोषागार से पेंशन पाने वाले पेंशनरों को अब जीवित प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करने के लिए कोषागार कार्यालय का चक्कर नहीं काटना पड़ेगा। अब वे घर बैठे ही ऑनलाइन जीवित प्रमाण पत्र प्रस्तुत कर सकेंगे। जिलाधिकारी मनीष बंसल ने कोषागार से पेंशन पाने वाले पेंशनरों और पारिवारिक पेंशनरों को बताया कि जिन पेंशनरों के जीवित प्रमाण-पत्र की वैधता समाप्त होने वाली है, वे अपना जीवित प्रमाण-पत्र ऑनलाइन प्रस्तुत कर सकते हैं। इसके लिए पेंशनरों को कोषागार में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने की जरूरत नहीं है।
मुख्य कोषाधिकारी वरुण खरे ने बताई ऑनलाइन प्रक्रिया
मुख्य कोषाधिकारी वरुण खरे ने बताया कि पेंशनर अपने अथवा अपने परिवार के किसी सदस्य के स्मार्टफोन के प्ले स्टोर से सर्वप्रथम AadhaarFaceRD App इंस्टॉल करें। इसके पश्चात Jeevan Pramaan App इंस्टॉल कर उसे खोलें। ऐप में मांगी गई जानकारी यथा आधार नम्बर, अपना नाम, पेंशन का प्रकार, पीपीओ व बैंक सम्बन्धित जानकारी दर्ज करने के बाद निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आधार आधारित फेस ऑथेंटिकेशन के माध्यम से अपना जीवित प्रमाण-पत्र तैयार कर ऑनलाइन प्रस्तुत किया जा सकता है।
उन्होंने बताया कि इस डिजिटल सुविधा के माध्यम से पेंशनर घर बैठे अपना जीवित प्रमाण-पत्र कोषागार को ऑनलाइन प्रेषित कर सकते हैं। इससे पेंशनरों को कोषागार कार्यालय आने-जाने की आवश्यकता नहीं होगी।
पेंशन एवं पेंशनभोगी कल्याण विभाग (DoPPW) भारत सरकार द्वारा राष्ट्रव्यापी डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र (DLC) अभियान दिनांक 01.11.2026 से 30.11.2026 तक आयोजित किया जा रहा है।