फिरोजाबादलीक्स…साइकिल से स्कूल जा रहे भाई बहन को दूध के टैंकर ने मारी टक्कर. पहिये के नीचे आने से 11वीं की छात्रा की मौत. चीखता रह गया भाई…
आगरा मंडल के फिरोजाबाद जिले में दर्दनाक हादसे में एक 11वीं की छात्रा की मौत हो गई. छात्रा अपने भाई के साथ साइकिल से स्कूल जा रही थी. थाना एका क्षेत्र में दूध के टैंकर ने इनकी साइकिल को चपेट में लेकर टक्कर मार दी. ट्रक के पहिये के नीचे आने से छात्रा की दर्दनाक मौत हो गई और उसका भाई मदद के लिए चीखता चिल्लाता रह गया. घटना से परिवार में कोहराम मच गया है.
सोमवार सुबह 8 बजे हुआ हादसा
हादसा सोमवार सुबह थाना एका क्षेत्र के एटा मार्ग पर हुआ. गांव फतेहपुर में रहने वाले मानपाल नोएडा में मजदूरी करते हैं. इनकी 18 साल की बेटी संगीता कक्षा 11वीं की छात्रा थी. सोमवार सुबह वह अपने छोटे भाई अमरजीत के साथ साइकिल से दलेलपुर स्थित गौतमबुद्ध पब्लिक स्कूल में पढ़ने के लिए जा रही थी. तभी एटा की ओर से आ रहे एक दूध के टैंकर ने इन्हें टक्कर मार दी. टक्कर से भाई अमरजीत को उछलकर दूर जा गिरा लेकिन संगीता ट्रक के पहियों के नीचे आ गई. हादसे के बाद संगीता की तड़प तड़प कर मौत हो गई वहीं भाई अमरजीत बहन को बचाने के लिए चीखता चिल्लाता रह गया.
परिवार में मचा कोहराम, चीख पड़ी मां
हादसे के बाद जब संगीता की खून से सना बैग और किताबें घर पहुंची तो बदहवास मां चीख पड़ी. इधर हादसे को अंजाम देने वाला टैंकर चलाक गाड़ी को छोड़कर भाग गया. सूचना पर थाना पुलिस पहुंच गई और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया. टैंकर को भी कब्जे में ले लिया है. आरोपी चालक की तलाश की जा रही है.