आगरालीक्स…आगरा में ताजमहल देखने पहुंचे मुनिश्री समत्व सागर जी महाराज, स्थापत्य कला का किया अवलोकन. बोले—ऐसी धरोहरों का संरक्षण एवं उनके प्रति जागरूकता समाज की जिम्मेदारी
मुनि श्री समत्व सागर जी महाराज ससंघ बुधवार को ताजमहल पहुंचे। प्रातः 6:30 बजे मुनिश्री ने आगरा की ऐतिहासिक धरोहर ताजमहल का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने ताजमहल की स्थापत्य कला, वास्तुशिल्प एवं ऐतिहासिक विशेषताओं को करीब से जाना। मुनिश्री के ताजमहल पहुंचने पर जैन समाज के श्रद्धालुओं ने उनका स्वागत किया।ताजमहल परिसर में मुनिश्री ने इसकी भव्य संरचना एवं कलात्मक नक्काशी का अवलोकन किया तथा इसके निर्माण एवं ऐतिहासिक महत्व से जुड़ी जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
मुनि श्री समत्व सागर जी महाराज ने कहा कि भारत की ऐतिहासिक धरोहरें देश की समृद्ध कला, संस्कृति और गौरवशाली इतिहास की परिचायक हैं। ऐसी धरोहरों का संरक्षण एवं उनके प्रति जागरूकता समाज की जिम्मेदारी है।मीडिया प्रभारी शुभम जैन ने बताया कि मुनिश्री ससंघ का बुधवार शाम 4:00 बजे ताजगंज जैन मंदिर से राहुल विहार जैन मंदिर के लिए मंगल विहार हुआ। राहुल विहार जैन मंदिर में मुनिश्री के मंगल सानिध्य में 1 अक्टूबर को वार्षिक कलशाभिषेक महोत्सव तथा 3 अक्टूबर से 13 अक्टूबर तक श्री कल्पतरु महामंडल विधान का भव्य आयोजन किया जाएगा। आयोजन को लेकर जैन समाज में विशेष उत्साह है।मुनिश्री के ताजमहल अवलोकन के दौरान छीपीटोला एवं ताजगंज जैन समाज से संजय बाबू जैन,संजय जैन,विजय जैन, योगेश जैन,विनय जैन,अरिहंत जैन,उत्सव जैन, मीडिया प्रभारी शुभम जैन सहित नमोऽस्तु शासन संघ के युवा एवं अन्य श्रद्धालु मौजूद रहे।