आगरालीक्स...करवाचौथ पर ज्वैलरी ही नहीं कस्टमाइज्ड और पर्सनल गिफ्ट्स का भी बढ़ा चलन. गैजेट्स भी गिफ्ट के रूप में मार्केट में छाए
करवाचौथ 29 अक्टूबर को है. पति और पत्नी के प्रेम का यह पर्व आधुनिकता के रंग में रंगता नजर आ रहा है. अपने बैटर हाफ के लिए आकर्षक और बेहतरीन गिफ्ट्स पसंद किए जा रहे हैं. इसको लेकर आगरा के मार्केट में उपहारों की भरमार लगी हुई है. पहले उपहार के रूप में ज्वैलरी या फिर कपड़े ही करवाचौथ पर पसंद किए जाते थे लेकिन बदलते दौर में अब उपहारों की अलग रेंज पसंद की जा रही है. अपनी पत्नी को देने के लिए ज्वेलरी के साथ कस्टमाइज्ड गिफ्ट्स और रिलैक्सेशन हैंपर्स भी इस समय सबसे ज्यादा ट्रेंड में हैं.
सदाबहार और पारंपरिक उपहार
करवाचौथ पर सदाबहार और पारंपरिक उपहारों में आज भी ज्वैलरी और परिधान पसंद किए जाते हैं. सोने या डायमंड की रिंग, पेंडेंट या ब्रेसलेट के साथ कस्टमाइज्ड नाम वाले चांदी के आभूषण भी इस समय पसंद किए जा रहे हैं. वहीं परिधानों में बनारसी, सिल्क या जॉर्जेट की लाल और गुलाबी रंग की साड़ी के अलावा हैवी अनारकली सूट भी पसंदीदा बने हुए हैं.
कस्टमाइज्ड और पर्सनल उपहार
मार्केट में इन उपहारों की सबसे ज्यादा डिमांड है. सुंदर से बॉक्स जिसमें उनकी पसंद की चॉकलेट, एक कस्टमाइज्ड काफी मग और आपकी शादी की प्यारी तस्वीरों का एक मिनी एल्बम के अलावा कस्टमाइज्ड पेंडेंट, कंगन या लेदर वॉलेट जिस पर उनका नाम या आपकी शादी की तारीख लिखी हो को पसंद किया जा रहा है. इसके अलावा पसंदीदा ब्रांड का लग्जरी मेकअप किट या प्रीमियम आर्गेनिक स्किनकेयर सेट भी ट्रेंड में हैं.
गैजेंट्स भी चलन में
मार्केट में इसके अलावा अपने हमसफर के लिए सेहत का ध्यान रखने वाली स्टाइलिश स्मार्टवॉच, साड़ी और वेस्टर्न दोनों कपड़ों पर अच्छी लगे उसे पसंद किया जा रहा है. इसके आलवा अच्छे ब्रांड के नॉइज कैंसलेशन ईयरबड्स भी उपहारों के रूप में चलन में हैं.