आगरालीक्स…आगरा में महिला सिपाही की मौत…घरवाले बना रहे थे शादी का दबाव, भाइयों से हुआ था विवाद, आकर फोन भी छीन ले गए थे..
आगरा के पुलिस लाइन स्थित सरकारी आवास में मृत मिली महिला सिपाही आरती के सुसाइड के पीछे शादी का दबाव और भाइयों से झगड़ा होने की बात सामने आई है. घरवाले शादी का दबाव बना रहे थे. भाइयों से इसको लेकर विवाद हुआ था और भाई यहां आकर उससे फोन भी ले गए थे. इससे महिला सिपाही आरती परेशान थे. शनिवार को आरती का शव कमरे से लटका मिला. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार सुसाइड नोट में यह दावा किया गया है.
ये है पूरा मामला
आगरा के एसीपी कार्यालय में तैनात महिला कांस्टेबल आरती पुलिस लाइन स्थित सरकारी आवास में रहती थी. आरती ने एक महीने से छुट्टी ले रखी थी और 4 नवंबर को उसे ड्यूटी पर वापस आना था. शनिवार सुबह काफी देर तक आरती अपने कमरे से बाहर नहीं निकली तो पड़ोसियों ने दरवाजा खटखटाया. काफी देर तक कुछ भी अंदर से जवाब नहीं आया तो पुलिस को सूचना दी. दरवाजा तोड़कर अंदर देखा तो आरती का शव फंदे से लटका हुआ था. पुलिस ने शव को फंदे से उतारा और पोस्टमार्टम के लिए भेजा. आरती उन्नाव की रहने वाली थी और वर्ष 2018 बैच की सिपाही थी. अभी उसकी शादी नहीं हुई थी.
सुसाइड नोट मिला
मृतका के पास से सुसाइड नोट भी मिला है, इस नोट में लिखा है कि परिजन शादी का दबाव बना रहे थे. कुछ दिन पहले आरती का भाइयों से भी इसी बात को लेकर विवाद हुआ था. वह परिवार की मर्जी से शादी नहीं करना चाहती थी. भाई यहां आए थे, विवाद भी हुआ था और उसका मोबाइल फोन ले गए थे जिससे वह काफी परेशान हो गई थी.