आगरालीक्स…देखे वीडियो, आगरा में दिवाली पर बिकने जा रहा था 540 किलो मावा और 400 किलो बदबूदार पनीर. एफएसडीए ने कराया नष्ट. 8 नमूने भी जांच के लिए भेजे…
आगरा में दिवाली से पहले एसएफडीए द्वारा बड़ी कार्रवाई की गई है. टीम द्वारा त्योहार पर बिकने जा रहा 940 किलो मावा और पनीर को नष्ट कराया गया है. यही नहीं टीम ने 8 सैंपल जांच के लिए भेजे हैं.
बोलेरो मैक्स में मिला 400 किलो पनीर कराया नष्ट
प्रवर्तन कार्रवाई के क्रम में वाहन संख्या RJ11GC6286 (बोलेरो मैक्स) में परिवहन किए जा रहे पनीर का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पनीर के 03 नमूने संग्रहित किए गए। उक्त पनीर अस्वच्छकर परिस्थितियों में भंडारित पाए जाने के कारण जनस्वास्थ्य के हित में लगभग 400 किलोग्राम पनीर, जिसका अनुमानित मूल्य ₹1,04,000/- है, नष्ट कराया गया। उक्त प्रकरण में खाद्य कारोबारकर्ता राजीव पुत्र ज्ञान सिंह, निवासी धौलपुर तथा वाहन स्वामी योगेश पुत्र सिद्धार्थ, निवासी धौलपुर हैं।
पिकअप में भरा था 540 किलो मावा
वहीं रविवार सुबह लगभग 08:40 बजे जीआर अस्पताल के पास, शमशाबाद रोड पर सफेद बोलेरो पिकअप वाहन संख्या UP80LT1251 को रोककर मानव उपभोग हेतु परिवहन किए जा रहे मावा का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान मावा में मिलावट होने का संदेह उत्पन्न होने पर मावा के 02 नमूने संग्रहित किए गए। साथ ही खाद्य कारोबारकर्ताओं राजन सिंह एवं गौरी शंकर की सहमति से डलिया, क्रेट, प्लास्टिक की पन्नियों एवं कपड़े में भंडारित कुल 540 किलोग्राम मावा, जिसका अनुमानित मूल्य ₹1,51,200/- है, को उचित तापमान पर परिवहन न किए जाने एवं अस्वच्छकर परिस्थितियों में भंडारित पाए जाने के कारण जनस्वास्थ्य के हित में नष्ट कराया गया।
इसके अतिरिक्त फतेहपुर सीकरी स्थित मैसर्स गोविन्द प्रसाद एंड ब्रदर्स प्रतिष्ठान से बेसन का 01 नमूना संग्रहित किया गया। इसके अतिरिक्त पिनाहट, आगरा में पिनाहट थाने के सामने स्थित अतुल की दुकान से खोया का 01 नमूना तथा लज्जाराम गुजिया वाले, प्रोपराइटर श्री प्रबल की दुकान से छेना का 01 नमूना संग्रहित किया गया। इस प्रकार दिनांक 01 नवम्बर, 2026 को की गई प्रवर्तन कार्रवाई के दौरान पनीर के 03, मावा के 02, बेसन का 01, खोया का 01 एवं छेना का 01, कुल 08 खाद्य नमूने संग्रहित किए गए। साथ ही अस्वच्छकर परिस्थितियों में भंडारित एवं अनुचित तापमान पर परिवहन किए जा रहे कुल 940 किलोग्राम (09 कुन्तल 40 किलोग्राम) पनीर एवं मावा, जिसका कुल अनुमानित मूल्य ₹2,55,200/- है, जनस्वास्थ्य के हित में नष्ट कराया गया। संग्रहित नमूनों को परीक्षण एवं विश्लेषण हेतु खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला प्रेषित किए जाने की कार्यवाही की गई है। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।