आगरालीक्स...आगरा के सेंट क्लेयर स्कूल में मनाया गया वार्षिकोत्सव. भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, विविधता, एकता और राष्ट्रीय एकता की खूबसूरत झलक पेश की
आगरा के कौलक्खा स्थित सेंट क्लेयर स्कूल, यूनिट-2 में बुधवार को वार्षिक उत्सव (एनुअल डे) ‘भारतः रंग अनेक, संग हर एक’ थीम के साथ मनाया गया. विद्यार्थियों ने भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, विविधता, एकता और राष्ट्रीय एकता की खूबसूरत झलक प्रस्तुत की. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में आज़ाद भगार सिंह (PCS), अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रदीप भाटी, प्रदेश सह-संयोजक, पंचायती राज प्रकोष्ठ, उत्तर प्रदेश ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई। कार्यक्रम में महाधर्माध्यक्ष डॉ. राफी मंजली की विशेष उपस्थिति रही। उन्होंने विद्यार्थियों को अपना आशीर्वाद प्रदान करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

वार्षिकोत्सव का मुख्य आकर्षण विद्यालय के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम रहा। छोटे बच्चों ने अपनी मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियों, आकर्षक वेशभूषा और शानदार मंच प्रदर्शन से उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों का मन मोह लिया। बच्चों की मासूमियत, आत्मविश्वास और प्रतिभा ने पूरे वातावरण को उत्साह और उमंग से भर दिया। प्रत्येक प्रस्तुति पर दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ बच्चों का उत्साहवर्धन किया। वहीं विद्यालय के वरिष्ठ विद्यार्थियों ने भव्य ग्रैंड फिनाले के माध्यम से इस वर्ष की थीम ‘भारतः रंग अनेक, संग हर एक’ को बेहद खूबसूरती से मंच पर साकार किया। विभिन्न राज्यों की संस्कृति, परंपराओं, लोकनृत्यों, रंग-बिरंगी वेशभूषाओं और भारत की विविधताओं को एक मंच पर प्रस्तुत कर विद्यार्थियों ने यह संदेश दिया कि भाषा, संस्कृति, रहन-सहन और परंपराएं भले ही अलग-अलग हों, लेकिन हमारी पहचान एक भारतीय के रूप में है। अनेकता में एकता ही भारत की सबसे बड़ी ताकत है।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य फादर रोशन डिसिल्वा ने सभी अतिथियों, महाधर्माध्यक्ष, अभिभावकों, शिक्षकों एवं सहयोगियों का हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होंने विद्यार्थियों की मेहनत और शानदार प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।