आगरालीक्स…आगरा में रमा एकादशी पर पीत पुष्पों से सजे श्याम बाबा. जीवन मंडी खाटू श्याम मंदिर में एकादशी पर उमड़ा श्रद्धा का सैलाब. स्वर्ण मुकुट, कुंडल और दिव्य आभूषणों से अलंकृत हुए बाबा श्याम
रमा एकादशी के पावन अवसर पर गुरुवार को जीवनी मंडी स्थित श्री खाटू श्याम जी मंदिर में बाबा श्याम का मनोहारी पुष्प श्रृंगार किया गया। पीले गेंदे के पुष्पों से सजे भव्य दरबार में स्वर्ण मुकुट, कुंडल एवं आकर्षक आभूषण धारण किए बाबा श्याम ने भक्तों को दिव्य दर्शन दिए। बाबा के अलौकिक स्वरूप के दर्शन के लिए सुबह से देर शाम तक श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। पूरा मंदिर परिसर श्याम बाबा के जयकारों से गुंजायमान रहा। इस अवसर पर श्री खाटू श्याम जी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष दिनेश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि रमा एकादशी पर बाबा की विशेष श्रृंगार सेवा, राजभोग सेवा एवं इत्र सेवा ट्रस्ट की ओर से की गई, जबकि पोशाक सेवा श्याम लाडला परिवार की ओर से समर्पित की गई। उन्होंने रमा एकादशी का धार्मिक महत्व बताते हुए कहा कि यह एकादशी भगवान विष्णु को समर्पित है। इस दिन श्रद्धा और भक्ति के साथ व्रत, पूजन एवं दान करने से पुण्य की प्राप्ति होती है।
उन्होंने बताया कि शुक्रवार से धनतेरस के साथ ही मंदिर में पांच दिवसीय दीपावली उत्सव का शुभारंभ होगा। उत्सव के पांचों विशेष दिवस पर श्याम बाबा विशेष आकर्षक श्रृंगार में विराजमान होंगे। इस दौरान भव्य फूल बंगला सजाया जाएगा और मंदिर को आकर्षक विद्युत सजावट से जगमग किया जाएगा। नरक चतुर्दशी पर शनिवार को मंदिर परिसर में बाहर की ओर दीपदान होगा। दीपावली के अवसर पर आकर्षक आतिशबाजी भी उत्सव का विशेष आकर्षण रहेगी। उन्होंने बताया कि 10 नवंबर को मंदिर परिसर में ही भव्य गोवर्धन महाराज का स्वरूप बनाकर गोवर्धन पूजा की जाएगी। इसके बाद श्रद्धालुओं के लिए प्रसादी का आयोजन होगा। मंदिर में आयोजित भजन संध्या में श्याम भजनों की मधुर प्रस्तुतियों ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। श्रद्धालु भजनों पर झूमते और बाबा की भक्ति में लीन नजर आए। इस अवसर पर हेमेन्द्र अग्रवाल, संजय अग्रवाल, विपिन बंसल, विकास गोयल, अमित गोयल आदि उपस्थित रहे।