आगरालीक्स…आगरा सहित यूपी के 25 लाख युवाओं को मुफ्त टैबलेट देगी योगी सरकार. सीएम योगी ने लखनऊ में किया टैबलेट वितरण. आगरा के कॉलेजों में हुआ लाइव प्रसारण
प्रदेश के युवाओं को डिजिटल शिक्षा और रोजगार से जोड़ने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा आज 15 नवम्बर से राष्ट्र प्रेरणा स्थल लखनऊ से स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना के अंतर्गत टैबलेट वितरण अभियान का शुभारंभ किया गया। इस अभियान के तहत प्रदेश के 25 लाख युवाओं को मुफ्त टैबलेट वितरित किये जाएंगे। मुख्यमंत्री योगी ने लखनऊ में करीब 50 हजार छात्र-छात्राओं को डिजिटल उपकरण प्रदान किये गए। जनपद के कॉलेजों में यथा आगरा कॉलेज, सेंट जॉन्स कालेज, आरबीएस कॉलेज सहित सभी कॉलेजों में उक्त कार्यक्रम का लखनऊ से सजीव प्रसारण किया गया, जिसे बड़ी संख्या में छात्र छात्राओं द्वारा देखा व सुना गया।
इस योजना का उद्देश्य विद्यार्थियों को ऑनलाइन पढ़ाई और रोजगार की जानकारी हासिल करने में मदद करना है. मुफ्त टैबलेट मिलने से छात्र डिजिटल माध्यम से अध्ययन सामग्री, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, कौशल विकास तथा रोजगार संबंधी योजनाओं की जानकारी आसानी से प्राप्त कर सकेंगे. डिजिटल उपकरणों की उपलब्धता से ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के युवाओं को भी शिक्षा के समान अवसर मिलेंगे और वे डिजिटल युग में आगे बढ़ सकेंगे.