आगरालीक्स…यूपी विधानसभा चुनाव 2027 का काउंटडाउन शुरू, आगरा में कल 5 मंडलों के 21 जनपदों की तैयारियों की समीक्षा. निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव के लिए होगा मंथन
उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2027 को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं. इसी क्रम में गुरुवार 19 नवंबर को आगरा के होटल आईटीसी मुगल में पांच मंडलों के 21 जिलों की समीक्षा बैठक आयोजित की जा रही है. भारत निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त मनीष गर्ग की अध्यक्षता और मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तर प्रदेश नवदीप रिणवा की उपस्थिति में यह समीक्षा होगी. बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी चुनाव को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने का होगा. गुरुवार सुबह 11 बजे से होटल आईटीसी मुगल में यह बैठक शुरू होगी.
21 जनपदों के प्रशासनिक अधिकारी होंगे शामिल
बैठक में पांच मंडलों के 18 जनपदों के मंडलायुक्त, पुलिस आयुक्त, आईजी/डीआईजी, जिला निर्वाचन अधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, पुलिस अधीक्षक सहित कई अधिकारी शामिल होंगे.
डीएम ने कार्यक्रम स्थल का लिया जायजा
गुरुवार 19 नंवबर को होने जा रही इस समीक्षा बैठक को लेकर आज बुधवार को डीएम मनीष बंसल ने कार्यक्रम स्थल पर व्यवस्थाओं, तैयारियों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए.
आगरा में होने जा रहे पांच मंडलों के 21 जनपदों की निर्वाचन तैयारियों की समीक्षा में मतदाता सूची, मतदान केंद्रों, ईवीएम वीवीपैट, निर्वाचन कार्मिकों के प्रशिक्षण, कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा प्रबंधन सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर समीक्षा होगी. संबंधित जनपदों के अधिकारियों द्वारा निर्वाचन से संबंधित तैयारियों से जुड़ी प्रगति एवं व्यवस्थाओं के संबंध में पीपीटी के माध्यम से दिया जाएगा.
इन मंडलों के 21 जनपद
आगरा में 5 मंडलों आगरा, कानपुर, बरेली, झांसी एवं चित्रकूट के 21 जनपद- आगरा, फिरोजाबाद, मथुरा, मैनपुरी, बांदा, चित्रकूट, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर, जालौन, बरेली, बदायूं, पीलीभीत, शाहजहांपुर, कानपुर नगर, कानपुर देहात, औरैया, इटावा, फर्रुखाबाद तथा कन्नौज की समीक्षा होगी.