आगरालीक्स….आगरा में श्री कैलाश द्वादश ज्योतिर्लिंग मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा की तैयारियां शुरू, महाकाल के दरबार से शुरू हुई 12 ज्योतिर्लिंगों के अभिमंत्रित जल की दिव्य यात्रा. देश के सभी 12 ज्योतिर्लिंगों से लाया जाएगा अभिमंत्रित जल
ताजनगरी आगरा में भगवान शिव के भक्तों के लिए एक विशेष धार्मिक एवं आध्यात्मिक आयोजन की तैयारियां शुरू हो गई हैं। आगरा में निर्माणाधीन श्री कैलाश द्वादश ज्योतिर्लिंग मंदिर में भगवान शिव के सभी 12 ज्योतिर्लिंगों की स्थापना एवं प्राण प्रतिष्ठा को लेकर एक विशेष धार्मिक यात्रा का शुभारंभ उज्जैन स्थित विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर से किया गया। इस यात्रा के माध्यम से देश के सभी 12 ज्योतिर्लिंगों तक पहुंचकर वहां से वैदिक विधि-विधान के साथ अभिमंत्रित जल, पुष्प एवं अन्य पवित्र पूजन सामग्री एकत्रित की जाएगी, जिसका उपयोग आगरा में होने वाले प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव में किया जाएगा। इस विशेष धार्मिक यात्रा का शुभारंभ श्री कैलाश द्वादश ज्योतिर्लिंग मंदिर के महंत गौरव गिरि के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में महाकाल की नगरी उज्जैन से हुआ। इस अवसर पर महंत गोपी गुरु एवं महंत गोविंद शर्मा जी ने श्री महाकालेश्वर मंदिर में पूरे वैदिक विधि-विधान एवं मंत्रोच्चारण के साथ विशेष पूजा-अर्चना संपन्न कराई। भगवान महाकाल का पूजन कर यात्रा की सफलता एवं प्रस्तावित मंदिर की भव्य स्थापना के लिए प्रार्थना की गई। पूजन के उपरांत अभिमंत्रित जल, पुष्प एवं अन्य पवित्र पूजन सामग्री प्राप्त की गई।
महंत गौरव गिरि ने महाकाल के दरबार में शीश नवाकर इस दिव्य धार्मिक यात्रा का श्रीगणेश किया। इस दौरान भगवान शिव के प्रति श्रद्धा और भक्ति के साथ सभी 12 ज्योतिर्लिंगों से पवित्र जल एकत्रित करने का संकल्प लिया गया। यात्रा का प्रत्येक पड़ाव अपने आप में विशेष धार्मिक महत्व रखेगा। सभी ज्योतिर्लिंगों में स्थानीय परंपराओं एवं वैदिक मान्यताओं के अनुसार पूजन-अर्चन कर वहां से अभिमंत्रित जल एवं पुष्प प्राप्त किए जाएंगे।
2027 के सावन माह में हो सकती है 12 ज्योतिर्लिंगों की भव्य स्थापना
श्री कैलाश द्वादश ज्योतिर्लिंग मंदिर को लेकर महंत गौरव गिरि ने बताया कि मंदिर में भगवान शिव के देशभर में प्रतिष्ठित सभी 12 ज्योतिर्लिंगों के स्वरूप स्थापित किए जाने की योजना है। इसके लिए धार्मिक परंपराओं एवं वैदिक विधान के अनुरूप तैयारियां की जा रही हैं। इसी उद्देश्य से सभी 12 ज्योतिर्लिंगों से अभिमंत्रित जल एवं पवित्र पूजन सामग्री लाने की प्रक्रिया प्रारंभ की गई है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2027 के सावन माह में श्री कैलाश द्वादश ज्योतिर्लिंग मंदिर में सभी 12 ज्योतिर्लिंगों की भव्य स्थापना एवं प्राण प्रतिष्ठा होने की उम्मीद है। इसके लिए अभी से धार्मिक एवं आध्यात्मिक स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। प्राण प्रतिष्ठा समारोह को भव्य एवं दिव्य स्वरूप प्रदान करने की योजना है, जिसमें देशभर के संत-महात्माओं, धर्माचार्यों एवं श्रद्धालुओं की सहभागिता की अपेक्षा है।
एक ही स्थान पर होंगे 12 ज्योतिर्लिंगों के दर्शन
इस मंदिर की सबसे बड़ी विशेषता यह होगी कि श्रद्धालुओं को एक ही स्थान पर भगवान शिव के सभी 12 ज्योतिर्लिंगों के दर्शन का अवसर प्राप्त होगा। देश के अलग-अलग राज्यों में स्थित ज्योतिर्लिंगों तक पहुंचना हर श्रद्धालु के लिए संभव नहीं हो पाता। ऐसे में आगरा में बनने वाला यह मंदिर शिवभक्तों के लिए विशेष आस्था का केंद्र बनने की परिकल्पना के साथ तैयार किया जा रहा है। मंदिर निर्माण एवं स्थापना की यह पहल केवल एक धार्मिक संरचना का निर्माण नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति, आध्यात्मिक चेतना और भगवान शिव के प्रति अटूट आस्था को समर्पित एक विशेष प्रयास है। महाकालेश्वर मंदिर से शुरू हुई यह यात्रा अब देश के अन्य ज्योतिर्लिंगों की ओर आगे बढ़ेगी। प्रत्येक ज्योतिर्लिंग से पवित्र जल एवं पूजन सामग्री एकत्रित कर आगरा लाने की योजना है।
महाकाल की नगरी से शुरू हुआ यह संकल्प वर्ष 2027 के सावन में ताजनगरी आगरा को एक नए आध्यात्मिक केंद्र की सौगात देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। हर-हर महादेव के जयघोष के साथ शिवभक्तों को अब उस ऐतिहासिक और आध्यात्मिक क्षण की प्रतीक्षा रहेगी, जब आगरा में एक ही परिसर में भगवान शिव के द्वादश ज्योतिर्लिंगों के भव्य दर्शन होंगे।