मथुरालीक्स…राधे—राधे, कमल खिला दे…मथुरा से भाजपा का नया नारा. यूपी चुनाव को लेकर बनाई गई रणनीति. तीन एजेंडों पर चुनाव लड़ेगी भाजपा
उत्तर प्रदेश में तीसरी बार सत्ता हासिल करने के लिए भाजपा का मथुरा में महामंथन हुआ है और इस मंथन में भाजपा का नया नारा ‘राधे—राधे, कमल खिला दे’ के साथ चुनाव का आगाज होगा. भाजपा ने अपना एजेंडा साफ कर दिया है और वह तीन एजेंडों पर चुनाव लड़ेगी. श्रीकृष्ण जन्मभूमि आंदोलन से लेकर बांकेबिहारी कॉरिडोर और कानून व्यवस्था के मुद्दों को लेकर पार्टी जनता के बीच जाएगी. इस मौके पर भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन ने कहा कि बूथ स्तर पर मजबूत संगठन किया जाए तो सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि एसआईआर में सभी वोटरों को शामिल कराओ.
कान्हा की नगरी से चुनावी रणनीति
फरह के परखम स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय गो अनुसंधान केंद्र में आयोजित दो दिवसीय योजना बैठक् में भाजपा के इस महामंथन में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और सीएम योगी आदित्यनाथ, दोनों डिप्टी सीएम सहित 56 नेताओं ने चुनावी रोडमैप तैयार किया. सपा के पीडीए की काट के लिए भाजपा इस बार कान्हा की नगरी से चुनावी रणनीति को धार देगी.
मंथन में संगठन की मजबूती, सरकार संगठन के बीच तालमेल पर भी मंथन किया गया. बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों, संगठन की मजबूती और चुनावी रणनीति को लेकर विभिन्नप पहलुओं पर विचार विमर्श किया गया. इसके साथ ही राष्ट्रीय और स्थानीय नेतृत्व के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी जोर दिया गया.
चार बिंदुओं पर बनाई रणनीति
बैठक में चार बिंदुओं पर रणनीति बनाई गई जिसमें कृष्ण जन्मभूमि, बूथ पर यूथ, सुशासल और महिला सशक्तिकरण शामिल हैं. पीडीए की काट करने के लिए भी 54 दिग्गज नेताओं की टीम मंथन में जुटी रही. सबसे ज्यादा चर्चा टिकट कटने पर भी है.
जेनजी को साधने की कोशिश
महामंथन में बूथ पर यूथ को लेकर सबसे अधिक फोकस रहा. जेनजी को साधने की कोशिश की गई. बूथ स्त्र पर संपर्क मजबूत करने के साथ युवा वर्ग से सीधा संवाद स्थापित किया जाएगा. नयी पीढ़ी तक पहुंच बनाने के लिए संगठनात्मक गतिविधियों से जोड़ने पर भी विशेष जोर दिया गया. जेनजी के बीच संवाद, संपर्क और भागीदारी बढ़ाने के लिए विशेष अभियान इसी रणनीति का हिस्सा है.