आगरालीक्स…आगरा में बनेगा नया स्पोटर्स स्टेडियम. यूपी कैबिनेट की बैठक में मिली मंजूरी. 2.476 हेक्टेयर जमीन खेल विभाग को होगी हस्तांतरित. आगरा में पुलिसबल के लिए बनेंगे आवासीय भवन, 101 जर्जर भवन टूटेंगे
उत्तर प्रदेश कैबिनेट की बैठक बुधवार को हुई जिसमें 30 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई है. इनमें आगरा में नया स्पोटर्स स्टेडियम भी शामिल है. फतेहपुर सीकरी लोकसभा क्षेत्र के बाह विधानसभा के गांव उगनपुरा गांव में नया स्पोर्टस स्टेडियम बनाने का रास्ता साफ हो गया है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में स्टेडियम निर्माण के लिए युवा कल्याण विभाग के नाम दर्ज 2.476 हेक्टेयर भूमि खेल विभाग को हस्तांतरण करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई है.
फतेहपुर सीकरी के सांसद राजकुमार चाहर ने बताया कि उगरपुरा गांव में स्पोटर्स स्टेडियम के निर्माण के लिए भूमि कका प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा गया था. लगातार प्रयासों के बाद अब कैबिनेट ने इसके लिए जमीन खेल विभाग को निशुल्क हस्तांतरि करने के प्रस्ताव पर मुहर लगा दी है. उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है. यहां स्टेडियम बन जाने के बाद उन्हें बड़े शहरों की ओर रुख नहीं करना होगा.
आगरा कमिश्नरेट में बनेंगे पुलिस के आवासीय भवन
इसके अलावा कैबिनेट की बैठक में आगरा पुलिस कमिश्नरेट में पुलिसबल के लिए आवासीय भवनों का निर्माण कराया जाएगा. कैबिनेट ने इसके लिए 101 जर्जर भवनों को ध्वस्त करने की अनुमति प्रदान की है. जर्जर भवनों में छीपीटोला परिसर स्थित पुलिस क्लब कॉलोनी के श्रेणी 1 के 72 आवास, श्रेणी 2 के 24 आवास और श्रेणी 3 के 5 आवास शामिल हैं. वित्ता विभाग ने 2.55 करोड़ रुपये बट्टे खाते में डालने की अनुमति दी है.