मथुरालीक्स…दर्दनाक हादसा, ट्रक ने बाइक सवार फैमिली को मारी टक्कर. महिला और उसकी ढाई साल की बेटी की मौत…
मथुरा में छाता कोतवाली क्षेत्र में दर्दनाक हादसा हुआ है. सेमरी फ्लाईओवर पर ट्रक ने बाइक सवार परिवार को टक्कर मार दी. हादसे में बाइक पर बैठी महिला और उसकी ढाई साल की बेटी की दर्दनाक मौत हो गई. हादसे में पति बाल बाल बच गया जबकि ट्रक चालक मौके से फरार हो गया.
भरतपुर जा रही थी फैमिली
पवन कुमार अपनी पत्नी मीनाक्षी और ढाई साल की बेटी वंशिका के साथ बाइक से गुड़गांव से भरतपुर जा रहे थे. छाता कोतवाली क्षेत्र के सेमरी फ्लाईओवर पर पहुंचने पर उनकी बाइक में पछे से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी. टक्कर लगने से बाइक पर बैठी मीनाक्षी और मासूम वंशिका सड़क पर गिर गईं. गंभीर चोट लगने से दोनों ने दम तोड़ दिया. वहीं चालक ट्रक को छोड़कर फरार हो गया. हादसे में बाइक सवार पवन बाल बाल बच गया. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.