आगरालीक्स…आगरा के एत्मादपुर में स्थापित होगी भगवान महर्षि परशुराम की भव्य प्रतिमा. ब्राह्मण समाज के साथ बैठक कर तय किया जाएगा प्रतिमा स्थापना का स्थान..सीटू चौहान बोले—भूमि उपलब्ध न होने पर निजी खर्च से खरीदेंगे जमीन
एत्मादपुर विधानसभा क्षेत्र में भगवान महर्षि परशुराम की भव्य प्रतिमा स्थापित कराने की पहल की जा रही है। एत्माद्पुर क्षेत्र के भाजपा नेता सीटू चौहान ने क्षेत्र में भगवान महर्षि परशुराम की आकर्षक एवं भव्य प्रतिमा स्थापित कराने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि यह प्रतिमा क्षेत्र की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान को और मजबूत करने के साथ ही आने वाली पीढ़ियों को भगवान परशुराम के आदर्शों, शौर्य, त्याग और धर्म की रक्षा के संदेश से परिचित कराने का माध्यम बनेगी।
फिरोजाबाद रोड स्थित राष्ट्रदीप पाम गैलेक्सी होटल में आयोजित प्रेस वार्ता में सीटू चौहान ने कहा कि प्रतिमा स्थापना को लेकर जल्द ही क्षेत्रीय ब्राह्मण समाज के प्रबुद्धजनों एवं गणमान्य लोगों के साथ बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में सभी की राय और सहमति से प्रतिमा स्थापना के लिए उपयुक्त स्थान का चयन किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस कार्य को केवल घोषणा तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि इसे जल्द से जल्द धरातल पर उतारने का प्रयास किया जाएगा। यदि ब्राह्मण समाज या क्षेत्र का कोई व्यक्ति प्रतिमा स्थापना के लिए भूमि दान करना चाहता है तो उसका सहर्ष स्वागत किया जाएगा।
उनहोंने कहा कि यदि भूमि उपलब्ध नहीं होती है तो वे स्वयं अपने निजी खर्च से जमीन खरीदेंगे। इसके बाद क्षेत्रवासियों के सहयोग से भगवान महर्षि परशुराम की भव्य प्रतिमा का निर्माण कराकर विधिवत स्थापना कराई जाएगी। भगवान महर्षि परशुराम भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा के महत्वपूर्ण प्रतीक हैं। उनके जीवन से साहस, न्याय, धर्म के प्रति समर्पण और अन्याय के विरुद्ध खड़े होने की प्रेरणा मिलती है। ऐसे महापुरुष की प्रतिमा क्षेत्र में स्थापित होना सभी के लिए गौरव का विषय होगा। उन्होंने समाज के लोगों से इस पुनीत कार्य में एकजुट होकर सहयोग करने की अपील भी की। इस अवसर पर प्रमोद कुमार उपाध्याय (रामनगर, खंदौली), राकेश शर्मा, अविनाश सिकरवार, बसंत यादव, नवीन परमार, रवेंद्र शर्मा सहित कई लोग मौजूद रहे।