आगरालीक्स…आगरा के बाह में 23 करोड़ की लागत से बनेगा भव्य स्टेडियम. 240 करोड़ से बटेश्वर कॉरिडोर भी बन रहा. आगरा में पर्यटन का नया केंद्र बनने की ओर बाह. विधायक पक्षालिका सिंह ने सीएम का जताया आभार
आगरा के बाह विधानसभा की विधायक पक्षालिका सिंह ने बाह में स्टेडियम बनाए जाने के प्रस्ताव को मंजूरी दिए जाने पर आभार जताया है. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के कुशल नेतृत्व, दूरदर्शी सोच एवं प्रदेश सरकार के निरंतर सहयोग से बाह विधानसभा क्षेत्र में विकास की नई संभावनाएँ साकार हो रही हैं. क्षेत्र की जनता की वर्षों पुरानी मांगों को पूरा करने तथा बाह विधानसभा क्षेत्र को विकास की मुख्यधारा से और अधिक मजबूती से जोड़ने के लिए प्रदेश सरकार द्वारा अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं.
ग्राम उगनपुरा में भव्य स्टेडियम की स्थापना
बाह विधानसभा क्षेत्र के युवाओं एवं खेल प्रेमियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करने की दिशा में ग्राम उगनपुरा में लगभग 23 करोड़ रुपये की लागत से भव्य स्टेडियम के निर्माण की पहल की गई है। इसके लिए खेल विभाग को 40 बीघा भूमि निःशुल्क हस्तांतरित किए जाने के संबंध में कैबिनेट द्वारा प्रस्ताव पारित किया गया है, जिससे स्टेडियम निर्माण की दिशा में आने वाली बाधाओं को दूर करने का मार्ग प्रशस्त हुआ है। यह स्टेडियम क्षेत्र के युवाओं को आधुनिक खेल सुविधाएँ उपलब्ध कराने के साथ-साथ ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का बेहतर अवसर प्रदान करेगा। इससे क्षेत्र के खिलाड़ी राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकेंगे।
बटेश्वर में भव्य कॉरिडोर निर्माण परियोजना
बाह विधानसभा क्षेत्र की ऐतिहासिक एवं धार्मिक पहचान बटेश्वर को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर विशेष स्थान दिलाने की दिशा में लगभग 240 करोड़ रुपये की लागत से कॉरिडोर निर्माण की महत्वपूर्ण परियोजना पर पहल की गई है। यह परियोजना भगवान शिव की पावन नगरी बटेश्वर के ऐतिहासिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व को नई पहचान प्रदान करेगी। कॉरिडोर के निर्माण से श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को बेहतर सुविधाएँ मिलेंगी तथा धार्मिक पर्यटन, स्थानीय व्यापार और रोजगार के अवसरों को बढ़ावा मिलेगा।
भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी सांस्कृतिक संकुल केंद्र की स्थापना
भारत रत्न एवं देश के पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय श्री अटल बिहारी वाजपेयी जी की स्मृति में अटल बिहारी वाजपेयी सांस्कृतिक संकुल केंद्र की स्थापना क्षेत्र के लिए गौरव एवं सम्मान का विषय है। यह केंद्र क्षेत्र की सांस्कृतिक एवं साहित्यिक विरासत को संरक्षित करने के साथ-साथ सामाजिक, सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इसके माध्यम से स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी कला एवं संस्कृति के प्रदर्शन का मंच मिलेगा तथा आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रप्रेम, साहित्य और भारतीय संस्कृति से जुड़ने की प्रेरणा प्राप्त होगी।
सड़क का उच्चीकरण एवं सौंदर्यीकरण
क्षेत्र में आवागमन की सुविधाओं को बेहतर बनाने एवं ग्रामीण संपर्क मार्गों को सुदृढ़ करने की दिशा में लगभग 13 करोड़ 55 लाख रुपये की लागत से आगरा-बाह-कचौरा मार्ग से भाऊपुरा-गंगावली मार्ग तक सड़क के उच्चीकरण एवं सौंदर्यीकरण का कार्य कराया गया है। इससे क्षेत्र के नागरिकों को सुगम, सुरक्षित एवं बेहतर आवागमन की सुविधा प्राप्त होगी। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों की संपर्क व्यवस्था मजबूत होने से स्थानीय व्यापार, कृषि एवं अन्य आर्थिक गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।