आगरालीक्स…आगरा में कांग्रेस ने भरी यूपी विधानसभा चुनाव को लेकर हूंकार. कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा—2027 में भाजपा को देंगे पटखनी. अयोध्या, काशी और मथुरा को लेकर कही ये बात…
यूपी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर सभी राजनीतिक दलों ने अपनी अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं. रैलियां हो रही हैं और कार्यकर्ताओं में उत्साह भरा जा रहा है. हाल ही में सपा ने दलित महा सम्मेलन के जरिए आगरा से चुनाव को लेकर अपनी हूंकार भरी तो वहीं आज शनिवार को कांग्रेस ने भी अपना चुनावी शंखनाद आगरा से किया है. इसमें उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मोना मश्रा और ब्रज जोन प्रभारी कुणाल चौधरी शामिल रहे. सभी ने विधानसभा चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं में जोश भरा.

कांग्रेस का फोकस आगरा ग्रामीण और खेरागढ़ विधानसभा पर रहा. पार्टी ने इन दोनों सीटों के वोट बैंक को साधने का काम किया. कांग्रेस का मानना है कि दलित समाज का वोट अगर एकजुट हुआ तो ग्रामीण और खेरागढ़ में पार्टी मजबूत स्थिति में ही नहीं बल्कि जीत भी सकती है. इस दौरान आराधना मोना मिश्रा ने महिलाओें से भी बातचीत की और उनकी समस्याओं को सुना. आराधना मोना मिश्रा ने कहा कि आगरा सुप्रसिद्ध नगरी है लेकिन यहां का नौजवान कहीं और नौकरी और मजदूरी करने के लिए जा रहा है. उन्होंने कहा कि मेेरा बचपन अयोध्या में बीता, दर्शन करने जाती थी लेकिन भाजपा सरकार में अयोध्या में प्रभु राम के नाम पर चंदा चोरी के अलावा कोई काम नहीं हुआ. अब अयोध्या में इनका सबकुछ समाप्त हो गया तो इन्होंने नया सहारा मथुरा ढूंढा है. अयोध्या के बाद अब मथुरा में इनका हिसाब किताब बराबर हो जाएगा. उन्होंने कहा कि अयोध्या में जो हुआ है वो मथुरा में नहीं होना चाहिए. उन्होंने वादा किया कि कांग्रेस मजदूर की लड़ाई लड़ेगी.

रैली में मौजूद रामनाथ सिकरवार ने कहा कि 2027 में भाजपा को पटखनी दे दो. उन्होंने आरोप लगाया कि ज्ञानेश कुमार ने देश को ही नहीं, हमारे आगरा को भी बदनाम किया है. भाजपा सरकार बैंक के जरिए उत्पीड़न कर रही ळै जब कांग्रेस सरकार में आएगी तो इनका पैसा माफ होना चाहिए. उन्होंने कहा कि कांग्रेस को आगरा से 9 में से 5 या चार सीट मिलनी चाहिए.