आगरालीक्स…आगरा में खाटू श्याम मंदिर में सुबह से ही दर्शनों के लिए भीड़. देवोत्थान एकादशी पर मध्यरात्रि से शुरू हुआ खाटू नरेश का जन्मोत्सव, दो बार काटे गए भव्य केक; भजनों पर थिरके श्रद्धालु, आतिशबाजी से जगमगाया आसमान
कहीं हाथों में केक और फूलों की टोकरी, कहीं बाबा के लिए पुष्पों की भेंट तो कहीं श्याम नाम की मस्ती में झूमते श्रद्धालु…। जीवनी मंडी स्थित श्री खाटू श्याम जी मंदिर में देवउठनी एकादशी पर खाटू नरेश का जन्मोत्सव दो दिनों तक आस्था, उल्लास और भक्ति के अनूठे रंग बिखेरता रहा। गुरुवार रात से ही बाबा के जन्मदिन की खुशियां मनाने का सिलसिला शुरू हो गया। मध्यरात्रि 12 बजे केक कटते ही आतिशबाजी से आसमान जगमगा उठा और मंदिर परिसर जय श्री श्याम के जयकारों से गूंजने लगा। शुक्रवार को देवउठनी एकादशी पर स्वर्णिम श्रृंगार, भव्य फूल बंगले और छप्पन भोग के बीच बाबा के दर्शन के लिए हजारों श्रद्धालु उमड़ पड़े। रात 12 बजे एक बार फिर भव्य केक काटकर जन्मोत्सव मनाया जाएगा।
श्याम बाबा के प्रति भक्तों की अगाध श्रद्धा का नजारा गुरुवार रात से ही दिखाई देने लगा था। सैकड़ों श्रद्धालुओं ने देवउठनी एकादशी से पूर्व ही बाबा का जन्मोत्सव मनाना शुरू कर दिया। गुरुवार रात 12 बजे भव्य केक काटा गया और आतिशबाजी के साथ बाबा के जन्म की खुशियां मनाई गईं। इसके बाद शुक्रवार को पूरे दिन मंदिर में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। रात 12 बजे देवउठनी एकादशी के जन्मोत्सव का दूसरा भव्य केक काटा गया। इस दौरान भी आतिशबाजी कर श्याम भक्तों ने अपने आराध्य के जन्मदिन का उल्लास मनाया। बीती रात से ही हजारों की संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचते रहे। कोई बाबा के लिए केक लेकर आया तो कोई फूल, पुष्पमालाएं और अन्य भेंट लेकर पहुंचा। भक्तों को प्रसाद स्वरूप चॉकलेट, खिलौने, टॉफियां और गुब्बारे वितरित किए गए।
श्री खाटू श्याम जी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष दिनेश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि देवउठनी एकादशी पर बाबा का अलौकिक श्रृंगार किया गया। आकर्षक पोशाक, स्वर्ण श्रृंगार और मनमोहक फूल बंगले में विराजमान खाटू नरेश के दर्शन कर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। मंदिर परिसर को रंग-बिरंगी विद्युत सज्जा, गुब्बारों और खिलौनों से सजाया गया। दिनभर दर्शन के लिए भक्तों का आवागमन बना रहा। श्रद्धालुओं ने बाबा को केक, फूल और अन्य भेंट अर्पित कर अपने आराध्य के प्रति प्रेम और समर्पण प्रकट किया।
हेमेंद्र अग्रवाल ने बताया कि जन्मोत्सव पर विभिन्न श्याम भक्तों और सेवा समितियों ने सेवा का सौभाग्य प्राप्त किया। बाबा के आकर्षक श्रृंगार की सेवा निखिल सिंघल और पुलकित सिंघल, फूल बंगला सेवा अभिषेक गोयल, पोशाक सेवा रमेश चंद्र अग्रवाल तथा छप्पन भोग सेवा श्री कृष्णा द्वारा की गई। टॉफी एवं चॉकलेट की सेवा कीर्तन एवं मातेश्वरी सेवा श्री श्याम सेवक परिवार समिति रजिस्टर्ड आगरा ने की। खिलौनों की सेवा राजीव अग्रवाल, केक की सेवा अभिषेक गोयल, इत्र सेवा श्री श्याम प्रेमी परिवार तथा गुब्बारों एवं विद्युत सज्जा की सेवा श्री खाटू श्याम जी मंदिर ट्रस्ट द्वारा की गई।