आगरालीक्स…देखें वीडियो, आगरा में इंडियन एयरफोर्स के विमान एएन—32 से पैरा जंप कर रहे एनसीसी कैडेट्स. पैरा ट्रूपर्स ट्रेनिंग स्कूल में प्रशिक्षण पा रहे 60 कैडेट्स. एनसीसी महानिदेशक ने बढ़ाया हौसला…
आगरा के पैरा ट्रूपर्स ट्रेनिंग स्कूल में एनसीसी कैडेट्स को पैरा जंप की ट्रेनिंग दी जा रही है. सम्पूर्ण भारत से चयनित एनसीसी के 60 कैडेट्स यहां प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं और भारतीय वायुसेना के एएन-32 विमान से पैरा जंप कर रहे हैं. यह एक पैरा बेसिक कोर्स है जो कि 2 नवंबर से 25 नवंबर तक आयोजित किया जा रहा है.

महानिदेशक, एनसीसी ने किया दौरा एवं पैरा कोर्स कैडेट्स के साथ संवाद
शुक्रवार को राष्ट्रीय कैडेट कोर के महानिदेशक, वीएसएम, एसएम, वाईएसएम ले. जनरल वीरेन्द्र वत्स ने आर्मी एयरबोर्न प्रशिक्षण स्कूल, आगरा का दौरा किया और पैरा बेसिक कोर्स कर रहे एनसीसी कैडेट्स से संवाद किया. उन्होंने स्वयं भी कैडेट्स के साथ पैराशूट जंप की, जो साहस, सौहार्द और नेतृत्व की सच्ची भावना का प्रतीक है.
उन्होंने कोर्स करा रहे अधिकारियों एवं प्रशिक्षण स्टाफ से भी संवाद किया और एनसीसी कैडेट्स को उच्चतम स्तर तक प्रशिक्षित करने में उनके समर्पण एवं कड़ी मेहनत की सराहना की. इस दौरे से कैडेट्स के मनोबल एवं आत्मविश्वास में अत्यधिक वृद्धि हुई और वे राष्ट्र सेवा के लिए और ऊंचा लक्ष्य रखने हेतु प्रेरित हुए.