आगरालीक्स…आगरा में इंस्टाग्राम के ‘अर्जुन कपूर’ ने महिला को अपने जाल में ऐसा फंसाया कि लगा दिया 6.70 लाख का चूना. ऐसा डर दिखाया कि रुपये ट्रांसफर करती रही महिला
इंस्टाग्राम पर दोस्ती करना एक महिला को इस कदर भारी पड़ गया कि साइबर अपराधी ने उसके 6.70 लाख रुपये ठग लिए. हर दिन हर पल वह महिला को इस कदर भयभीत करता रहा कि डर के मारे महिला रुपये ट्रांसफर करती रही. महिला ने अब साइबर थाना पुलिस को इसकी सूचना दी है जिसके बाद ‘अर्जुन कपूर’ नाम के इस इंस्टाग्राम यूजर की तलाश पुलिस कर रही है.
महिला सिकंदरा की रहने वाली है. उसने बताया कि कुछ समय पहले को इंस्टाग्राम के जरिए उसका संपर्क एक युवक अर्जुन कपूर से हुआ था. आरोपी ने शुरुआत में बातचीत सामान्य की. उसकी बातों से वह सभ्य और भरोसेमंद लगा. धीरे धीरे बातचीत बढ़ी और महिला उसकी बातों पर विश्वास करने लगी. महिला के अनुसार उसने भारत आकर हर्बल लाइफ उत्पाद इस्तेमाल करने की बात कही. 15 नवंबर को आरोपी ने उसके व्हाट्सअप पर कॉल् कर बताया कि मुंबई एयरपोर्ट पर पुलिस ने उसे पकड़ लिया है और भारत में प्रवेश के लिए 80 हजार रुपये मांग रहे हैं. महिला ने डर के कारण देा बार क्यू आर कोड के माध्यम से 80 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए. इसके एक घंटे बाद फिर से उसने एयरपोर्ट से बाहर निकलने के नाम पर पैसे मांगे जिस पर महिला ने 15 हजार रुपये आनलाइन भेज दिए. महिला के अनुसार उसी शाम को अर्जुन कपूर ने पाउंड, हीरे की अंगूठी और सोना कस्टम विभाग द्वारा पकड़े जाने की बात कही और 1.40 लाख रुपये और ट्रांसफर करा लिए.
महिला ने बताया कि अगले दिन आरोपी ने उसे व्हाट्सएप कॉल करके दिल्ली एयरपोर्ट पर सीबीआई द्वारा पकड़े जाने का दावा किया और इससे बचने के लिए 3.20 लाख रुपये मांगे. डरी महिला ने यह रकम कई बार में आरटीजीएस के जरिए भेजी. 17 नवंबर को आरोपी ने सामान जांचने का वीडियो भेजा और चार लाख रुपये मांगे. आरोपी ने अन्य लोगों से बात कराकर जेल भेजने और घर पर सीबीआई व पुलिस आने की धमकी दी. दहशत में महिला ने आरटीजीएस से चार लाख रुपये और भेज दिए. इसके बाद आरोपी ने 10 लाख रुपये की और मांग की.
हारकर महिला ने इसकी जानकारी अपने पति को दी तो पति ने रकम देने से इनकार कर दिया. पति ने मोबाइल लेकर बैंक खाता देखा तो वह पूरी तरह खाली मिला. महिला ने बताया कि परिवार को जेल भेजने की धमकी और पति के बाहर होने की जानकारी के चलते वह डर के साये में ठग की बातों में आती चली गई. आरोपी अब तक 6.70 लाख रुपये वसूल चुका है. इस मामले में डीसीपी साइबर क्राइम आदित्य ने बताया कि मुकदमा दर्ज किया गया है. जिन खातों में रकम भेजी गई है उसकी मदद से आरोपी का सुराग लगाया जाएगा.