आगरालीक्स…क्या आपके बच्चों का भी पढ़ाई में मन नहीं लगता, या याद किया भूल जाते हैं बच्चे, वास्तु अनुसार इस दिशा में बनाएं स्टडी एरिया..ज्योतिषाचार्य अंशु पारीक
कई बार बच्चे घंटों पढ़ाई करते हैं, लेकिन परीक्षा के समय याद किया हुआ भी भूल जाते हैं। किसी विषय को समझने में परेशानी होती है तो कभी पढ़ने बैठते ही मन भटकने लगता है। अभिभावक बच्चों की मेहनत और पढ़ाई के तरीके पर ध्यान देते हैं, लेकिन उनके पढ़ने की जगह पर ध्यान देना भी उतना ही जरूरी है। वास्तु शास्त्र के अनुसार घर की प्रत्येक दिशा की अपनी ऊर्जा और विशेषता होती है। इसलिए पढ़ाई के लिए ऐसी दिशा का चयन करना चाहिए, जो बौद्धिक क्षमता, एकाग्रता और सकारात्मक विचारों को बढ़ावा देने वाली मानी जाती है।
हालांकि बच्चे का बौद्धिक स्तर और शिक्षा के लिए कुंडली में ग्रहों की स्थिति भी महत्वपूर्ण होती है, लेकिन बहुत मेहनत करने के बाद भी अपेक्षित परिणाम नहीं मिल रहे हों तो वास्तु के अनुसार पढ़ाई के स्थान की दिशा पर भी विचार किया जा सकता है।
वेस्ट-साउथ-वेस्ट दिशा में बनाएं स्टडी एरिया
घर की वेस्ट-साउथ-वेस्ट दिशा में बैठकर पढ़ाई करना बच्चों के लिए बेहतर है। इस दिशा को विद्या की देवी मां सरस्वती और आकाश तत्व से संबंधित माना जाता है। इस दिशा में बैठकर अध्ययन करने से बच्चों की समझने और याद रखने की क्षमता को सकारात्मक ऊर्जा मिलती है। इसलिए घर में बच्चों का स्टडी एरिया बनाते समय इस दिशा को प्राथमिकता देनी चाहिए।
इस दिशा में रसोई, टॉयलेट या अन्य वास्तु दोष होने से भी बच्चों की पढ़ाई पर नकारात्मक प्रभाव पड़ने की मान्यता है। इसलिए इसे स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाए रखना लाभदायक माना जाता है। इसके अलावा साउथ-वेस्ट और पश्चिम दिशा में बैठकर पढ़ाई करना भी अच्छा माना गया है।