आगरालीक्स…आगरा के दयालबाग में राधास्वामी सत्संग सभा की गौशाला 100 सालों से बनाए हुए है विशेष पहचान. परंपरा के साथ आधुनिक विज्ञान और तकनीक के साथ हो रहा पशुपालन….राष्ट्रीय दुग्ध दिवस परजानिए इस गौशाला की खास बातें
राष्ट्रीय दुग्ध दिवस 25 नवंबर के अवसर पर दयालबाग स्थित राधास्वामी सतसंग सभा की आर.एस. गौशाला अपनी 100 वर्षों की सेवा यात्रा के साथ विशेष पहचान रखती है। वर्ष 1926 में स्थापित यह गौशाला आज पशुपालन, दुग्ध उत्पादन, प्राकृतिक खेती, पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा और सामुदायिक सेवा का एक ऐसा उदाहरण प्रस्तुत कर रही है, जहां परंपरा के साथ आधुनिक विज्ञान और तकनीक का भी उपयोग किया जा रहा है। इस पूरी व्यवस्था को परम पूज्य गुरु महाराज प्रोफेसर प्रेम सरन सतसंगी साहब एवं परम आदरणीय रानी साहिबा जी का निरंतर संरक्षण, प्रेरणा और प्रत्यक्ष मार्गदर्शन प्राप्त है।
दयालबाग की इस गौशाला की सबसे खास बात यह है कि गुरु महाराज एवं रानी साहिबा कृषि कार्य के लिए प्रत्येक शिफ्ट में खेतों में पधारते हैं और प्रत्येक शिफ्ट के कृषि कार्य के बाद नियमित रूप से गौशाला भी आते हैं। वहां पशुओं की देखभाल, उनके स्वास्थ्य, खानपान, साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं को स्वयं देखते हैं तथा समय-समय पर आवश्यक सुझाव और दिशा-निर्देश देते हैं। उनका यह नियमित आगमन और हर छोटी-बड़ी व्यवस्था पर ध्यान यहां सेवा करने वाले सभी लोगों के लिए प्रेरणा का आधार है। उनके प्रत्यक्ष मार्गदर्शन और देखरेख में गौशाला की व्यवस्थाएं लगातार आगे बढ़ रही हैं और दुग्ध उत्पादन में भी निरंतर वृद्धि हो रही है।
गौशाला में सैकड़ों गायों और भैंसों के साथ बकरियों और ऊंटों का भी पालन किया जाता है। यहां पशुओं को परिवार के सदस्यों की तरह स्नेह और देखभाल के साथ रखा जाता है। उन्हें नाम से पुकारने की परंपरा भी इसी आत्मीयता को दर्शाती है। पशुओं के स्वास्थ्य और शारीरिक सक्रियता को बनाए रखने के लिए उन्हें नियमित रूप से खुले मैदानों में चरने और घूमने का अवसर दिया जाता है। दुग्ध देने वाले पशुओं के लिए प्रतिदिन दो शिफ्टों में लंबे समय तक खुले वातावरण में चराई और भ्रमण की व्यवस्था रहती है। गौशाला परिसर में लगातार ‘रा-धा-स्वा-आ-मी’ नाम की मधुर ध्वनि का प्रसारण होता रहता है, जिसे यहां की व्यवस्था में संगीत चिकित्सा के रूप में भी अपनाया गया है।
बदलते मौसम के अनुसार पशुओं की देखभाल का विशेष ध्यान रखा जाता है। सर्दियों में उन्हें ठंड से बचाने के लिए विशेष गर्म सुरक्षा जैकेट पहनाई जाती हैं और उनके रहने के स्थानों पर सूखे बिछावन की व्यवस्था की जाती है। उनके दैनिक आहार में पौष्टिक मिलेट्स यानी मोटा अनाज, गुड़ और गर्म दलिया शामिल किया जाता है। इसके साथ ही औषधीय जड़ी-बूटियों से तैयार विशेष काढ़ा भी दिया जाता है, ताकि सर्दियों में उनकी ऊर्जा और स्वास्थ्य का ध्यान रखा जा सके। अनुभवी पशु चिकित्सकों की टीम समय-समय पर पशुओं की जांच करती है और आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराती है।
गौशाला के संचालन में आधुनिक तकनीक का भी उपयोग किया जा रहा है। गायों की गतिविधियों और स्वास्थ्य में होने वाले बदलावों पर नजर रखने के लिए उनके गले में स्मार्ट सेंसर लगाए गए हैं। ड्रोन कैमरों के माध्यम से पशुओं की चराई और परिसर की गतिविधियों की निगरानी की जाती है। ड्रोन पर लगे पब्लिक एड्रेस सिस्टम से जरूरत पड़ने पर मैदान में काम कर रही टीमों तक निर्देश भी पहुंचाए जाते हैं। इसके अलावा 40 से अधिक सीसीटीवी कैमरों और फाइबर ऑप्टिक नेटवर्क के माध्यम से गौशाला की विभिन्न व्यवस्थाओं पर लगातार नजर रखी जाती है। बड़े स्तर पर पशुपालन के दौरान आने वाली रोजमर्रा की समस्याओं के समाधान के लिए कम खर्च में उपयोगी तकनीकी उपाय भी अपनाए जाते हैं।
गौशाला का योगदान दयालबाग की प्राकृतिक खेती व्यवस्था से भी गहराई से जुड़ा है। यहां से मिलने वाले गोबर और गोमूत्र का उपयोग जीवामृत और घनजीवामृत तैयार करने में किया जाता है। इनके माध्यम से दयालबाग के खेतों में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है। रासायनिक खाद और कीटनाशकों के स्थान पर प्राकृतिक तरीकों को अपनाने से मिट्टी की गुणवत्ता और उसकी उपजाऊ क्षमता बनाए रखने में मदद मिलती है। इस प्रक्रिया में मिट्टी के भीतर रहने वाले केंचुओं की भूमिका भी महत्वपूर्ण है। केंचुए मिट्टी को भुरभुरा बनाते हैं और उसमें ऐसे रास्ते बनाते हैं, जिनसे बारिश का पानी जमीन के भीतर पहुंचने और भूजल स्तर बढ़ाने में मदद मिलती है।
पर्यावरण संरक्षण के लिए दयालबाग एजुकेशनल इंस्टीट्यूट (DEI) के सहयोग से गौशाला में बायोगैस संयंत्र भी संचालित किया जा रहा है। इसमें पशुओं के गोबर से निकलने वाली मीथेन गैस को वातावरण में फैलने से रोककर उसका उपयोग बिजली बनाने में किया जाता है। इससे ऊर्जा की जरूरत पूरी करने में मदद मिलती है और पर्यावरण पर पड़ने वाले असर को कम किया जाता है।
दयालबाग में डेयरी का इतिहास भी काफी पुराना है। गौशाला की स्थापना वर्ष 1926 में हुई, जबकि दयालबाग की REI Dairy की औपचारिक स्थापना वर्ष 1929 में परम पूज्य हुजूर साहबजी महाराज द्वारा की गई थी। वर्ष 1931 में डेयरी को डेनिश मॉडल पर बने भवन में स्थानांतरित किया गया। उस समय भी आधुनिक मशीनों के माध्यम से दूध का प्रसंस्करण, पाश्चुरीकरण और पैकेजिंग किया जाता था। REI Dairy के ‘Cupid’ ब्रांड के मक्खन और अन्य दुग्ध उत्पादों ने अपनी गुणवत्ता और स्वाद के कारण विशेष पहचान बनाई थी। यह इतिहास दयालबाग में डेयरी विकास की लंबी परंपरा को दर्शाता है।
इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए दयालबाग एजुकेशनल इंस्टीट्यूट ने डेयरी टेक्नोलॉजी को शिक्षा और व्यावहारिक प्रशिक्षण से जोड़ा है। संस्थान में वर्ष 2015 में B.Voc. डेयरी टेक्नोलॉजी कार्यक्रम शुरू किया गया। इसके बाद M.Voc. और Ph.D. स्तर के कार्यक्रम भी शुरू किए गए। इन पाठ्यक्रमों में डेयरी फार्मिंग, डेयरी टेक्नोलॉजी, डेयरी माइक्रोबायोलॉजी, डेयरी केमिस्ट्री, डेयरी प्रबंधन और इंजीनियरिंग जैसे विषय शामिल हैं। विद्यार्थियों को लगभग 40 प्रतिशत सैद्धांतिक और 60 प्रतिशत व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाता है, जिससे उन्हें पढ़ाई के साथ वास्तविक काम का अनुभव भी मिलता है।
DEI में विद्यार्थियों द्वारा संचालित मिनी डेयरी प्लांट इस शिक्षा व्यवस्था की एक महत्वपूर्ण विशेषता है। यहां विद्यार्थी दूध के प्रसंस्करण, गुणवत्ता जांच, पैकेजिंग और विभिन्न उत्पाद तैयार करने की पूरी प्रक्रिया को व्यावहारिक रूप से सीखते हैं। इस प्लांट में फ्लेवर्ड मिल्क, श्रीखंड, विभिन्न प्रकार की बर्फी, कलाकंद, बासुंदी, मिष्टी दही, नमकीन मक्खन, प्रोबायोटिक योगर्ट, चॉकलेट और आइसक्रीम जैसे उत्पाद तैयार किए जाते हैं। इन उत्पादों में प्राकृतिक सामग्री का उपयोग किया जाता है तथा कृत्रिम रंग, कृत्रिम फ्लेवर और प्रिजर्वेटिव से परहेज किया जाता है। उत्पादों को संस्थान और स्थानीय समुदाय तक उचित दरों पर उपलब्ध कराया जाता है।
दूध और दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए DEI में आधुनिक स्मार्ट फूड क्वालिटी टेस्टिंग लैब भी स्थापित की गई है। यहां माइक्रोबायोलॉजिकल और केमिकल जांच के लिए आधुनिक उपकरण उपलब्ध हैं, जिनके माध्यम से दूध और अन्य खाद्य उत्पादों की नियमित जांच की जाती है। डेयरी प्लांट में सौर ऊर्जा का उपयोग भी किया जा रहा है। इस प्रकार शिक्षा, उत्पादन, गुणवत्ता जांच और पर्यावरण संरक्षण को एक साथ जोड़ने का प्रयास किया गया है।
DEI की यह शिक्षा व्यवस्था केवल आगरा तक सीमित नहीं है। संस्थान ने डेयरी टेक्नोलॉजी के व्यावसायिक पाठ्यक्रमों और मिनी डेयरी प्लांट की सुविधा को दूर-दराज के ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों तक पहुंचाने के लिए भी कार्य किया है। इसके अंतर्गत टिमरनी, राजाबोरारी और अमृतसर स्थित संस्थान के केंद्रों पर डेयरी टेक्नोलॉजी से जुड़े कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। विद्यार्थियों को उद्यमिता और स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ना भी इन कार्यक्रमों का महत्वपूर्ण उद्देश्य है।
गौशाला की एक अन्य विशेषता यहां की सामुदायिक भागीदारी है। दयालबाग के निवासी और आगरा के स्थानीय नागरिक दिन-रात सेवा भाव से गौशाला की विभिन्न व्यवस्थाओं में सहयोग करते हैं। पशुओं को चारा देने, उनकी देखभाल, साफ-सफाई और अन्य कार्यों में बड़ी संख्या में लोग अपनी सेवाएं देते हैं। यहां सेवा का यह क्रम पूरे वर्ष चलता रहता है। सुबह खेतों में कृषि कार्य और सेवा करने वाले स्वयंसेवकों तथा बच्चों को पौष्टिक गर्म दूध उपलब्ध कराया जाता है। गौशाला से प्राप्त दूध संस्थान और समुदाय के लोगों तक सुलभ दरों पर पहुंचता है। यह व्यवस्था समाज के अंतिम व्यक्ति तक पौष्टिक आहार उपलब्ध कराने और शुद्ध शाकाहारी जीवनशैली को बढ़ावा देने की भावना से जुड़ी है।