आगरालीक्स.. आगरा में वाटर एटीएम लगने के साथ ही विरोध होने लगा है, नगर निगम परिसर में पीपीपी मॉडल से लगे एटीएम के विरोध में पार्षद उतर आए हैं, आरोप है कि वाटर एटीम के सदन में कोई चर्चा नहीं की, एटीएम के लिए नगर निगम की कीमती जमीन दे दी गई, जिस कंपनी द्वारा वाटर एटीएम लगाया जा रहा है वह रेस्टोरेंट भी चलाएगा, इससे नगर निगम को राजस्व की हानि होगी। इसके बाद मेयर नवीन जैन और नगर आयुक्त अरुण प्रकाश शनिवार को वाटर एटीएम का शुभारंभ करने के लिए नहीं गए।
आगरा में पीने के पानी की समस्या है, इसे देखते हुए पीपीपी मॉडल पर शहर में वाटर वेंडिंग मशीन लगाई जा रही हैं। इसकी शुरूआत नगर निगम से की गई है, नगर निगम परिसर, सूरसदन चौराहा पर वाटर वेंडिंग मशीन लगाई गई है।
अपनी बोतल में ले सकते हैं सस्ता पानी
वाटर वेटिंग मशीन में दो श्रेणी हैं, पहली श्रेणी में आप अपने बोतल और बर्तन में पानी ले सकते हैं। यह सस्ता है दूसरी श्रेणी में बोतल की भी सुविधा है, यह महंगा है। 300 एमएल पानी अपने बर्तन में लेने पर एक रुपये में मिलेगा और कंपनी के बर्तन में लेने पर दो रुपये में दिया जाएगा। इसी तरह से 500 एमएल पानी तीन और पांच रुपये, एक लीटर पानी पांच और आठ रुपये में मिलेगा। जबकि दो लीटर पानी आठ और 12 रुपये में ले सकेंगे।
पैसे डालते ही आने लगेगा पानी
वेंडिंग मशीन में सिक्के डालने होंगे, इसके बाद पानी आने लगेगा। कंपनी का एक कर्मचारी भी यहां रहेगा। ये मशीनें शहर में जगह जगह लगाई जानी है।