आगरालीक्स… आगरा से बसपा के पूर्व विधायक जुल्फिकार अहमद भुट्टो के परिवार की रार बढती जा रही है, उनके छोटे भाई की पत्नी रुबीना ने हत्या की आशंका जाहिर की है, उनका आरोप है कि धमकियां देने के साथ ही पीछा कराया जा रहा है। भाजपा सरकार में भी पुलिस बसपा नेता का दबाव मान रही है।
सोमवार को पूर्व बसपा विधायक जुल्फिकार अहमद भुट्टो के भाई कामिल की पत्नी रुबीना कुरैशी ने प्रेसवार्ता की। मूल रूप से दिल्ली निवासी रुबीना और उनके पति के बीच पहले से मुकदमेबाजी चल रही है। पहला मुकदमा पति की तरफ से सदर थाने में धोखाधड़ी और चोरी की धारा के तहत लिखाया गया था। दूसरा मुकदमा पत्नी ने दहेज उत्पीड़न का ताजगंज थाने में लिखाया। रुबीना कुरैशी ने बताया कि उनका बिजनेस पार्टनर अदनान शेख भी ससुराल पक्ष के निशाने पर है। उनके खिलाफ लगातार मुकदमे लिखाए जा रहे हैं। कोर्ट में अपने परिचितों से प्रार्थना पत्र दिलवाए जा रहे हैं। अब तक 18 मुकदमों में उन्हें फंसाने की साजिश रची गई है। सदर थाने में दर्ज मुकदमे का निस्तारण नहीं हो रहा है। अधिकारियों की जांच में पुलिस की घोर लापरवाही उजागर हो चुकी है। अग्रिम विवेचना हो रही है। उसकी जान को खतरा है। परिजन भी निशाने पर हैं। वहीं दूसरा पक्ष सारे आरोपों को बेबुनियाद बताता है। उनका कहना है कि सारे आरोप फर्जी हैं।