आगरालीक्स.. आगरा में हलक सुखा देने वाली गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया है, मानसून एक्सप्रेस भी लेट हो गई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि मानसून 24 से 25 जून के बीच में दोबारा सक्रिय होगा और आगरा सहित उत्तर प्रदेश में बारिश होगी।
आगरा में तापमान लगातार बढ रहा है, गुरुवार को अधिकतम तापमान 44 डिग्री और न्यूनतम तापमान 31 डिग्री दर्ज किया गया। तापमान में बढोत्तरी से लोग बेहाल हैं, लोगों ने दोपहर में घर से बाहर निकलना बंद कर दिया हैं
धूलभरी और शुष्क हवाओं ने रोका मानसून
पिछले दिनों ईरान और अफगानिस्तान पर एक उच्च दाब बना था जिसके प्रभाव से उत्तर और मध्य भारत में धूल उड़ाती तूफानी हवाएँ चलने लगीं। चार-पाँच दिनों तक प्रभावी यह हवाएँ सतह से लेकर 20 से 25 हज़ार फुट ऊंचाई तक बनी हुई थीं। यह हवाएँ इतनी प्रभावी थीं कि इन्होंने दक्षिण-पश्चिम से या दक्षिण-पूर्व से आने वाली मॉनसूनी हवाओं को रोक दिया।
वहीं, नौ जून के बाद अरब सागर में कोई प्रभावी मौसमी सिस्टम विकसित हुआ और ना ही बंगाल की खाड़ी में कोई ऐसा सिस्टम बना जो मॉनसून की ताकत को बढ़ा सके और उसे आगे बढ़ने में मदद कर सके। यानि पहले से ही कमजोर मॉनसूनी हवाओं को ईरान और अफगानिस्तान से आने वाली तूफानी धूलभरी और शुष्क हवाओं ने आगे से रोक दिया, जिसके चलते उत्तर और मध्य भारत में मॉनसून की अभी भी प्रतीक्षा करनी होगी। अनुमान है कि 24-25 जून से मॉनसून फिर से सक्रिय होगा और ना सिर्फ आगे बढ़ेगा बल्कि बिहार, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में बारिश भी ज़ोर पकड़ेगी।