आगरालीक्स… आगरा में पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा को निरस्त करने की मांग तूल पकडती जा रही है, दोनों पालियों में एक समान सवाल आने पर अभ्यर्थी परीक्षा निरस्त करने की मांग को लेकर पानी की टंकी पर चढ गए। अभ्यर्थियों के पानी की टंकी पर चढने के बाद बडी संख्या में लोग और पुलिस पहुंच गई है। उन्हें नीचे उतारने के प्रयास किए जा रहे हैं।
यूपी पुलिस में 41 हजार कांस्टेबल की भर्ती के लिए 18 और 19 जून को चार पालियों में परीक्षा आयोजित की गई थी। 19 जून को एटा में आयोजित परीक्षा में अभ्यर्थियों ने आरोप लगाए थे कि सुबह 10 से 12 की पाली के प्रश्न पत्र में जो सवाल पूछे गए थे, वही सवाल दोपहर तीन से पांच बजे की पाली में कुछ सेट में पूछ लिए गए। अभ्यर्थियों ने एडीजी अजय आनंद से शिकायत की थी, इसकी रिपोर्ट आला अधिकारियों को भेज दी गई थी।
परीक्षा निरस्त कराने के लिए टंकी पर चढे अभ्यर्थी
आगरा के मिढाकुर में शुक्रवार दोपहर में पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा दे चुका अभ्यर्थी पानी की टंकी पर चढ गए और पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा निरस्त करने की मांग करने लगे। अभ्यर्थियों के पानी की टंकी पर चढने के बाद स्थानीय लोग आ गए, पुलिस भी पहुंच गई। उन्हें पानी की टंकी से नीचे उतारने के प्रयास किए जा रहे हैं।
आसंर की आने के बाद बढा विरोध
आगरा में 1 65 लाख अभ्यर्थियों ने 18 और 19 जून को परीक्षा दी थी, इसके बाद आंसर की जारी कर दी गई। आंसर की से अभ्यर्थियों को रिजल्ट के बारे में जानकारी हो गई, इसके बाद से परीक्षा निरस्त करने की मांग तेज हो गई है और शिकायतें की जा रही हैं।
300 में से कट आॅफ को लेकर अभ्यर्थी परेशान
पुलिस भर्ती परीक्षा में 150 सवाल पूछे गए थे, प्रत्येक सवाल के दो अंक थे, इसके साथ ही निगेटिव मार्किंग भी थी। इस तरह 300 पूर्णांक में से अभ्यर्थियों को अंक दिए जाने हैं। आंसर की से अभ्यर्थियों को अपना प्राप्तांक पता चल गया है, ऐसे में कट आॅफ नीचे जाने पर ही उनका चयन हो सकता है। 200 से अधिक अंक प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों को उम्मीद है कि उनका चयन हो सकता है।
