आगरालीक्स… आगरा में 24 घंटे में 43 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई है, दो दिन से लगातार रात को हुई बारिश से शहर पानी में डूब गया, हाईवे से लेकर पॉश कॉलोनी और बस्तियों में जलभराव से लोग परेशान हैं।
आगरा में लगातार दूसरे दिन गुरुवार को शाम होते ही बादल छा गए, काली घटाओं के साथ ही तेज बारिश होने लगी, सात बजे से कुछ देर के लिए बारिश हुई, इसके बाद बारिश बंद हो गई। रात आठ बजे के बाद रुक रुक कर बारिश होती रही। इस दौरान आगरा में 20 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई। अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, बारिश के बाद शहर में जगह जगह जलभराव हो गया, एमजी रोड से लेकर हाईवे पर कुछ ही देर की बारिश के बाद सडकों पर पानी भर गया। इससे काफी देर तक वाहन फंसे रहे।
24 घंटे में 43 एमएम बारिश
बुधवार रात सात बजे से नौ बजे तक बारिश हुई थी, इस तरह 24 घंटे में आगरा में 43 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि शुक्रवार को बादल छाए रहेंगे लेकिन बारिश की संभावना नहीं है। शनिवार और रविवार को बारिश हो सकती है।
एक घंटे में निकल सका पानी
तेज बारिश के बाद बूंदाबांदी होने लगी, जगह जगह जलभराव से लोगों को समस्या आई। करीब एक घंटे बाद पानी का स्तर कम होना शुरू हुआ और धीरे धीरे एमजी रोड से लेकर पॉाश कॉलोनी और मलिन बस्तियों में स्थिति सामान्य हुई।
एक सप्ताह तक बारिश की संभावना

मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि एक सप्ताह तक दिन में एक से दो बार बारिश हो सकती है। आंधी भी चल सकती है। इसके साथ ही अधिकतम तापमान 35 से 38 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21 से 26 डिग्री रह सकता है। मगर, उमस लोगों को परेशान करेगी, अभी बारिश के बाद भी उमस और गर्मी से लोगों को राहत नहीं मिलेगी।
फाइल फोटो