आगरालीक्स… आगरा में शादी समारोह में डांस करते हुए फायरिंग करने से युवक के सीने में गोली लग गई, युवक को गंभीर हालत में हॉस्पिटल में भर्ती किया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
आगरा के ताजगंज के करबना में खंदौली के परिहार गांव निवासी मोहन सिंह की पुत्री की लग्न सगाई लेकर लोग आए थे, यहां शनिवार रात को कार्यक्रम चल रहा था। समारोह के दौरान हुई हर्ष फायरिंग में एक गोली पुष्पेंद्र (18) पुत्र मुरारीलाल के सीने में लग गई। वह खून से लथपथ होकर गिर गया। समारोह में अफरातफरी मच गई, लोग भाग खड़े हुए। पुष्पेन्द्र को परिजनों ने एसएन इमरजेंसी में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने रेफर कर दिया। घायल को संजय प्लेस स्थित जीजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है। पुलिस अस्पताल पहुंची और घायल के परिजनों से पूछताछ की जा रही है।
डीजे पर फायरिंग करने पर एक अरेस्ट
28 जून 2018 को आगरा में डीजे पर डांस करते हुए फायरिंग करने पर पुलिस ने एक युवक को पकड लिया, उसके साथ ही तलाश में पुलिस जुटी हुई है। डांस करते हुए फायरिंग करने का वीडियो वायरल होने के बाद एसएसपी अमित पाठक के आदेश पर कार्रवाई की गई है।
आगरा में एक वीडियो वायरल. हुआ था, इसमें दो युवक डांस करते हुए तमंचे से फायरिंग करते दिखाई दे रहे थे। वायरल वीडियो की जानकारी होने के बाद एसएसपी अमित पाठक के निर्देश पर आंवलखेडा में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने बताया कि डांस करते हुए तमंचे से फायरिंग करने वाले एक युवक को पकड लिया गया है, उसके साथ तमंचा चला रहे दूसरे युवक की तलाश की जा रही है।
23 जून को शादी समारोह में चलाया था तमंचा
वायरल वीडियो 23 जून का बताया जा रहा है, आवंलखेडा के एक मैरिज होम में शादी समारोह चल रहा था। इसी दौरान दो युवकों ने डीजे पर डांस करते हुए तमंचा लहराया और फायर कर दिया, इसका किसी ने वीडियो बना लिया और उसे वायरल कर दिया।