आगरालीक्स.. आगरा में पतंजलि, डीलक्स पेंट और फ्रूटी सहित तीन गोदाम में एक साथ आग से 25 करोड का नुकसान हुआ है। राज्यसभा सदस्य डॉ. अनिल जैन के भाई सुनील अग्रवाल के पतंजलि वेयर हाउस में आग लगने के बाद उसके पास स्थित एक के बाद एक तीन वेयर हाउस में आग लग गई। आग की लपटों से घिरे गोदाम के पास पहुंचने में समस्या आई, 10 घंटे तक गोदाम में आग धधकती रही और तीनों गोदाम जलकर स्वाह हो गए।
आगरा में एत्मादपुर हादसे पर फीरोजाबाद निवासी राज्यसभा सदस्य डॉ. अनिल जैन के भाई सुनील अग्रवाल का छलेसर में पतंजलि वेयर हाउस है। पास में ही खंदारी निवासी निमेश अग्रवाल का डीलक्स पेंट और फ्रूटी का वेयर हाउस है। रविवार दोपहर तीन बजे अचानक पतंजलि वेयर हाउस से धुंआ उठने लगा। वेयर हाउस में बड़ी मात्रा में घी, रिफाइंड और सरसों का तेल रखा था। यहां से आग की लपटें पहुंची खंदारी निवासी निमेश अग्रवाल के पारले एग्रो प्राइवेट लिमिटेड एवं ड्यूलेक्स पेंट एनई लॉजिस्टिक पार्क के गोदाम में। फ्रूटी के वेयर हाउस को भी चपेट में ले लिया। दमकलकर्मियों ने जेसीबी से वेयर हाउस की दीवार तोड़कर 11 गाडियों की मदद से आग बुझाने के प्रयास शुरू किए। इसके बाद भी आग काबू में नहीं आई।
गोदाम की छत काटकर अंदर घुसे
तीन गोदाम में आग की लपटें बेकाबू होने पर एयरफोर्स से मदद मांगी। एयरफोर्स के तीन फायर टेंडर वहां पहुंचे। गोदाम की छत को काटकर आग पर काबू पाने के प्रयास किए गए। पानी और फोम की बौछार की गई, लेकिन खबर लिखे जाने तक आग काबू में नहीं आई थी। पतंजलि वेयर हाउस के मालिक का कहना है कि आग से 20-25 करोड़ रुपये के नुकसान की आशंका है। वहीं पेंट और फ्रूटी के वेयर हाउस के मालिक निमेश अग्रवाल ने भी करीब एक करोड़ के नुकसान की आशंका जताई है।